Last Updated:
जासूसी के लिए डिफेंस सेक्टर के अधिकारियों और जवानों को हनीट्रैप कर उनसे सेंसिटिव जानकारी हासिल करना कोई नई बात नहीं है. एक देश दूसरे देश के खिलाफ इस तरह के तिकड़म अक्सर ही अपनाते रहते हैं. भारत में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है.
एयरफोर्स के एक विंग कमांडर की जासूसी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. (सांकेतिक तस्वीर)
नई दिल्ली. भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर गोपनीय सैन्य जानकारियां और युद्ध योजनाओं से जुड़े दस्तावेज पाकिस्तानी खुफिया एजेंट के साथ साझा करने का गंभीर आरोप लगा है. दिल्ली पुलिस की ओर से अदालत में दाखिल आरोपपत्र (चार्जशीट) में खुलासा हुआ है कि आरोपी अधिकारी कथित तौर पर हनीट्रैप का शिकार हुआ था और उसने अश्लील तस्वीरों के बदले देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा की थीं.
जांच के मुताबिक, आरोपी अधिकारी ने व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान की संदिग्ध खुफिया एजेंट के साथ संपर्क स्थापित किया था. इस दौरान उसने सैन्य अभियानों से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं, युद्ध योजनाओं के दस्तावेज, ड्रोन से संबंधित जानकारियां और सैन्य तैनाती का ब्योरा साझा किया. इन जानकारियों में अग्रिम मोर्चे पर तैनात लड़ाकू विमानों की गतिविधियां और संवेदनशील सैन्य प्रतिष्ठानों के भौगोलिक निर्देशांक यानी ज्योग्राफिकल इंडिकेटर्स भी शामिल थे.
अश्लील तस्वीरों के बदले में दे दी गोपनीय जानकारी
चार्जशीट में जांचकर्ताओं ने दावा किया है कि अधिकारी ने अश्लील तस्वीरें हासिल करने के बदले गोपनीय दस्तावेज उपलब्ध कराए. आरोप है कि उसने युद्ध योजना के एक गोपनीय दस्तावेज का पन्ना भेजते हुए कहा था कि उसे मिलने वाली हर नग्न तस्वीर के बदले वह युद्ध योजना का एक नया पन्ना उपलब्ध कराएगा. जांच एजेंसियों के अनुसार, इस तरीके से आरोपी ने संवेदनशील सैन्य सूचनाओं को कथित तौर पर साझा किया.
गंभीर खतरा पैदा होने की आशंका
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की गतिविधियों से देश की महत्वपूर्ण सैन्य संपत्तियों और राष्ट्रीय सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता था. विशेष रूप से लड़ाकू विमानों की आवाजाही, ड्रोन संबंधी सूचनाओं और सैन्य प्रतिष्ठानों के निर्देशांकों का खुलासा सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जा रहा है.
कोर्ट में चार्जशीट दाखिल
आरोपी विंग कमांडर के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया गया है. दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद अदालत में आरोपपत्र दाखिल कर दिया है. फिलहाल मामले में न्यायिक कार्यवाही जारी है. हालांकि, आरोपपत्र में लगाए गए आरोपों पर अदालत का अंतिम फैसला आना बाकी है. हनीट्रैप की जाल में फंसकर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का यह पहला मामला नहीं है. हाल के दिनों में ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं, जब डिफेंस से जुड़े जवान, अफसर या अन्य स्टाफ ने खुफिया जानकारी पाकिस्तान को लीक की है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें