भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

2500 जनजातीय आवाजें, 353 समुदाय और पांच दिन का उत्सव! जमशेदपुर में...


जमशेदपुर: अगर आप एक ही जगह पर देशभर की अलग-अलग जनजातीय संस्कृतियों, खान-पान, संगीत, पहनावे और परंपराओं को करीब से देखना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. जमशेदपुर का गोपाल मैदान एक बार फिर देश की जनजातीय संस्कृति के रंगों से सराबोर होने जा रहा है. टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित होने वाले प्रमुख जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद 2026’ का 13वां संस्करण 15 से 19 नवंबर तक आयोजित होगा. इस बार यहां 26 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 353 जनजातीय समुदायों से जुड़े कम से कम 2,500 लोग जुटेंगे. यानी 4 दिनों तक जमशेदपुर में देश की विविध जनजातीय परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिलेगा.

खाने से लेकर संगीत तक, हर दिन होगा खास

इस आयोजन की सबसे दिलचस्प बात यहां मिलने वाला जनजातीय खान-पान होगा. 14 राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के 22 समुदायों के 70 होम शेफ अपने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लोगों तक पहुंचाएंगे. यहां फूड स्टॉल के साथ कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन भी होगा. वहीं, संगीत प्रेमियों के लिए ‘रिदम्स ऑफ द अर्थ’ खास आकर्षण रहेगा. इसमें 43 कलाकार उरांव, मुंडा, राभा, बोडो, लेप्चा, संथाल और हो समुदायों की संगीत परंपराओं से प्रेरित सात मौलिक गीत पेश करेंगे.

कारीगरों की कला और फिल्मों की भी होगी धूम

अगर आपको हस्तशिल्प पसंद है, तो यहां 68 स्टॉल पर 142 जनजातीय कारीगरों की कला देखने को मिलेगी. 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कलाकार अपने हाथों से तैयार उत्पाद प्रदर्शित करेंगे. इससे करीब 1.5 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है. इसके अलावा ‘समुदाय के साथ’ कार्यक्रम में 25 चुनिंदा जनजातीय फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी, जहां फिल्म निर्माताओं और समुदाय के लोगों को अपनी कहानियां साझा करने का मौका मिलेगा.

पारंपरिक वैद्य और जनजातीय ज्ञान भी होगा आकर्षण

इस बार 207 पारंपरिक जनजातीय वैद्य भी अपने अनुभव और पीढ़ियों से चले आ रहे उपचार संबंधी ज्ञान को साझा करेंगे. वहीं ‘अखड़ा’ में 675 प्रतिभागी शिक्षा, भाषा संरक्षण, सुशासन, जनजातीय पहचान और विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे. संवाद फेलोशिप के 39 फेलो भी अपने विचार और परियोजनाएं प्रस्तुत करेंगे. सात पूर्व फेलो अपनी किताबों का विमोचन करेंगे.

बिरसा मुंडा जयंती पर खास होगा आयोजन

संवाद 2026 का आयोजन झारखंड स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर हो रहा है. इस बार 55 प्रतिशत प्रतिभागी पहली बार संवाद में शामिल होंगे, जबकि 15 प्रतिशत भागीदारी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की होगी. संवाद सिर्फ पांच दिनों का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभर की जनजातीय पहचान, परंपरा, हुनर और सपनों को एक मंच पर लाने की कोशिश है. जमशेदपुर के लिए यह गर्व की बात है कि एक बार फिर गोपाल मैदान से देश की 2,500 जनजातीय आवाजें एक साझा संकल्प के साथ सुनाई देंगी.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top