![]()
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत रांची जिले में दावा-आपत्तियों के निपटारे की चुनौती बढ़ गई है। 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होनी है, जबकि 23 नवंबर तक सभी मामलों का निपटारा करना है। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में 19,79,987 मतदाताओं में से 18,56,405 (93.76%) को अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया है। वहीं, 1,23,582 मामले ईआरओ और एईआरओ स्तर पर लंबित हैं। इनमें हटिया के सर्वाधिक 36,482 और रांची के 23,755 मामले हैं। जिले में लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के 12.3% और नो मैपिंग के 33.1% मामले अब भी लंबित हैं। कुल 6,44,071 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें 4,35,270 लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और 2,08,801 नो मैपिंग से संबंधित हैं। मंगलवार देर शाम तक क्रमश: 87.97% और 66.90% मामलों को पार्क किया गया था। डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया है। शिथिलता पर बुंडू के एलआरडीसी और सीओ से शो-कॉज भी किया गया है। हटिया, कांके और मांडर में सबसे अधिक लोगों को नोटिस रांची जिले में सबसे अधिक नोटिस हटिया में 1,38,523, कांके में 1,31,512 और मांडर में 1,00,035 लोगों को नोटिस दिया गया। रांची विधानसभा क्षेत्र में 95,581, खिजरी में 95,094 लोगों को नोटिस जारी हुए। सबसे कम नोटिस सिल्ली में 39,085 और तमाड़ में 44,241 लोगों को जारी किया गया। हटिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 36,482 मामले ईआरओ व एईआरओ स्तर पर पेंडिंग हैं। हटिया में कुल 3,66,919 मतदाताओं में से 3,30,437 को, रांची विधानसभा में 2,42,429 मतदाताओं में से 2,18,674 को अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया है। कांके में 21,273 और खिजरी में 17,453 मामले पेंडिंग हैं। तमाड़ में महज 5,433 और सिल्ली में 7,750 मामलों की पेंडिंग है। तमाड़ में लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामले सर्वाधिक हैं। नो मैपिंग में तमाड़ आगे, हटिया पीछे तमाड़ में 9,091 नोटिस जारी हुए, जिनमें 7,025 मामलों को अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया। यह सातों विधानसभा क्षेत्रों में सबसे बेहतर प्रदर्शन है। इसके बाद कांके में 72.59% व मांडर में 72.24% मामलों अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया है। सिल्ली में नो मैपिंग के 7,767 नोटिस जारी हुए। इनमें केवल 4,742 मामलों को ही अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया। हटिया में 59,411 नो मैपिंग नोटिसों में से 37,351 और खिजरी में 28,827 में से 18,558 मामलों की प्रक्रिया पूरी हुई। लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी में भी तमाड़ आगे लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के मामलों में तमाड़ 91.33% निपटारे के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद मांडर में 90.79%, कांके में 90.02% और खिजरी में 89.16% मामलों को अंतिम प्रकाशन के लिए पार्क किया गया। रांची में यह आंकड़ा 85.65%, सिल्ली में 84.91% और हटिया में सबसे कम 82.75% है। हटिया में 79,112 लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी नोटिस जारी हुए थे, जिनमें 65,464 मामलों की प्रक्रिया पूरी हुई है। सूची प्रकाशन के बाद वोटर क्या करें 30 नवंबर को अंतिम सूची में नाम जांचें: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होने के बाद वोटर अपना नाम, मतदान केंद्र और अन्य विवरण जांचें। नाम नहीं है तो फॉर्म-6 भरें: यदि योग्य नागरिक का नाम अंतिम सूची में भी नहीं है, तो वह ईआरओ के पास नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। आवेदन खारिज हुआ है तो अपील करें: यदि ईआरओ नाम जोड़ने का आवेदन खारिज कर देता है या नाम हटाने का आदेश देता है, तो मतदाता उसके खिलाफ अपील कर सकता है। ईआरओ के फैसले की जानकारी मिलने के 15 दिनों के भीतर डीईओ या सीईओ के समक्ष भी अपील किया जा सकता हैं।
आवेदन लंबित है तो क्या करें: पहले ही दो बार आवेदन कर चुके हैं, तो तीसरी बार आवेदन करने के बजाय पुराने आवेदन का रेफरेंस नंबर लेकर ईआरओ से लिखित स्थिति मांगें। पता करें कि दस्तावेजों का सत्यापन हुआ है या नहीं और निर्णय क्यों लंबित है। अंतिम सूची में नाम नहीं तो भी रास्ता बंद नहीं: अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद भी नागरिक सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। धारा 23 के तहत आवेदन का प्रावधान है। विधानसभा क्षेत्रवार पूरी स्थिति नोट : ईआरओ/एईआरओ स्तर पर पेंडेंसी है हर हाल में पेंडिंग मामले निबटेंगे कार्य प्रगति की रोजाना समीक्षा की जा रही हैं। संबंधित पदाधिकारियों को हर हाल में निर्धारित समय के अंदर प्राप्त आवेदनों का निपटारा करने का निर्देश दिया गया हैं। काम में शिथिलता बरतने वालों पर कार्रवाई भी की जाएगी। इस बीच 18 नवंबर को बूथों पर लगने वाले कैंप में प्राप्त आवेदनों का भी निपटारा किया जाएगा। – मंजूनाथ भजंत्री, डीसी,रांची
Source link