देवघर: दैनिक राशिफल का आकलन ग्रह-नक्षत्रों की चाल के आधार पर किया जाता है. खासकर चंद्रमा किस राशि में संचरण कर रहा है, इसका प्रभाव सभी राशियों के जातकों पर अलग-अलग देखने को मिलता है. कभी ग्रहों की स्थिति दिन को बेहद शुभ बना देती है, तो कभी छोटी-छोटी परेशानियां सामने आने लगती हैं. आज भी ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति कुछ राशियों के लिए खास रहने वाली है. बैद्यनाथ पंचांग के अनुसार आज श्रावण शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि है. इसके साथ मूल नक्षत्र और विष्कुम्भ योग का विशेष संयोग बन रहा है. वहीं चंद्रमा आज वृश्चिक राशि से निकलकर धनु राशि में संचार करेगा, जिसका सीधा प्रभाव कन्या राशि के जातकों के जीवन में देखने को मिल सकता है.
क्या कहते हैं देवघर के ज्योतिषाचार्य
देवघर के ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुदगल के अनुसार आज के दिन शुभ और अशुभ समय का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. आज सुबह 9 बजकर 19 मिनट से लेकर 10 बजकर 55 मिनट तक राहुकाल रहेगा. ज्योतिष शास्त्र में राहुकाल को अशुभ समय माना जाता है, इसलिए इस दौरान किसी नए और शुभ कार्य की शुरुआत करने से बचना चाहिए. वहीं दिन की शुरुआत के लिए ब्रह्म मुहूर्त बेहद खास रहेगा. आज अहले सुबह 4 बजकर 55 मिनट से 6 बजकर 55 मिनट तक ब्रह्म मुहूर्त रहेगा. इस समय पूजा-पाठ, ध्यान, मंत्र जाप और भगवान का स्मरण करना बेहद शुभ माना जाता है. ऐसे में अगर आप अपने दिन की शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा के साथ करना चाहते हैं तो ब्रह्म मुहूर्त का लाभ उठा सकते हैं.
आज पूजा पाठ में मन लगेगा
ज्योतिषाचार्य के अनुसार आज कन्या राशि के जातकों के लिए दिन काफी शुभ रहने वाला है. सुबह से ही मन में सकारात्मक विचार बने रहेंगे और किसी अच्छी खबर से आपका उत्साह बढ़ सकता है. लंबे समय से जिस काम को लेकर आप इंतजार कर रहे थे, उससे जुड़ी कोई अच्छी सूचना आज मिल सकती है. दिन की शुरुआत आध्यात्मिक माहौल के साथ हो सकती है. पूजा-पाठ में मन लगेगा और धर्म-कर्म के प्रति आपकी रुचि पहले से ज्यादा बढ़ सकती है. किसी धार्मिक स्थान पर जाने या भगवान के दर्शन करने की योजना भी बन सकती है.
पुराना कर्जा मिलेगा वापस
व्यापार करने वाले लोगों के लिए भी आज का दिन राहत लेकर आ सकता है. लंबे समय से किसी कारोबार में पैसा अटका हुआ है तो उसके वापस मिलने के योग बन रहे हैं. इतना ही नहीं, कोई पुराना कर्जदार आज आपका पैसा लौटा सकता है, जिससे आर्थिक स्थिति थोड़ी मजबूत होगी. कारोबार में रुके हुए काम धीरे-धीरे आगे बढ़ सकते हैं. व्यापारियों को सलाह है कि आज जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला लेने के बजाय सोच-समझकर कदम उठाएं. सही रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे तो आने वाले दिनों में इसका अच्छा फायदा मिल सकता है.
बॉस आपके काम की करेंगे तारीफ
नौकरी करने वाले कन्या राशि के जातकों के लिए भी आज का दिन काफी अच्छा रहने वाला है. ऑफिस में आपके काम की तारीफ हो सकती है. बॉस आपके प्रदर्शन से खुश नजर आ सकते हैं और आपकी मेहनत को देखते हुए प्रमोशन या नई जिम्मेदारी को लेकर बातचीत भी शुरू हो सकती है. जो लोग लंबे समय से अपने काम की पहचान मिलने का इंतजार कर रहे थे, उन्हें आज सकारात्मक संकेत मिल सकता है. हालांकि, जिम्मेदारी बढ़ने के साथ काम का दबाव भी बढ़ सकता है, इसलिए हर काम को धैर्य और समझदारी के साथ पूरा करें.
प्रतियोगिता परीक्षा में मिल सकती है सफलता
छात्रों के लिए भी आज का दिन अच्छा रहने वाला है. पढ़ाई में मन लगेगा और लंबे समय से जिस विषय को समझने में परेशानी हो रही थी, उसमें भी सुधार देखने को मिल सकता है. प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने के संकेत हैं. खासकर सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले छात्रों को आज कोई अच्छी खबर या सफलता का संकेत मिल सकता है. इसलिए पढ़ाई को लेकर लापरवाही न करें और आज मिले सकारात्मक माहौल का पूरा फायदा उठाएं.
कर सकते हैं आध्यात्मिक यात्रा
कन्या राशि के जातक आज किसी आध्यात्मिक यात्रा पर भी जा सकते हैं. धार्मिक स्थान की यात्रा आपके मन को शांति देने के साथ-साथ आपके लिए लाभदायक भी साबित हो सकती है. इस यात्रा के दौरान आपको मानसिक सुकून मिलेगा और कई महत्वपूर्ण बातों पर सोचने का मौका भी मिलेगा. कुल मिलाकर आज का दिन कन्या राशि वालों के लिए धन, नौकरी, पढ़ाई और आध्यात्मिकता के लिहाज से सकारात्मक रहने वाला है. अटका हुआ धन मिलने से आर्थिक परेशानी कम हो सकती है, कार्यक्षेत्र में सम्मान बढ़ सकता है और किसी शुभ समाचार से पूरे दिन का माहौल खुशियों से भर सकता है.