सिटी रिपोर्टर | बोकारो कल्याण विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अगले तीन दिनों के भीतर कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति भुगतान, धूमकुड़िया भवन निर्माण, कब्रिस्तान की घेराबंदी एवं सौंदर्यीकरण, साइकिल वितरण और सरना स्थल से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। उपायुक्त ने वित्तीय वर्षवार योजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्य शुरू होने, पूर्ण होने और लंबित रहने का ब्योरा मांगा। साथ ही प्रत्येक योजना में प्राप्त आवंटन, अब तक हुए खर्च और बची हुई राशि की जानकारी भी ली। छात्रवृत्ति भुगतान की धीमी गति पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को समय पर इसका लाभ मिलना चाहिए। भुगतान प्रक्रिया में किसी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को लंबित आवेदनों की नियमित निगरानी कर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। डीसी ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधा कृष्णन, जिला कल्याण पदाधिकारी सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
Source link