Last Updated:
Jamshedpur Jugaad Gadi: कहते हैं कि अगर इंसान के अंदर कुछ करने का जज्बा हो और वह अपने दिमाग का सही इस्तेमाल करना जानता हो, तो कमाई के लिए किसी बड़ी डिग्री या बड़े संसाधन की जरूरत नहीं होती. मेहनत और हुनर के दम पर भी अच्छी कमाई की जा सकती है. इसकी एक अनोखी मिसाल इन दिनों जमशेदपुर की सड़कों पर देखने को मिल रही है, जहां छत्तीसगढ़ के रहने वाले सुखचरण जी अपनी खास तरह से तैयार की गई गाड़ी के साथ लोगों का ध्यान खींच रहे हैं.
सुखचरण ने पश्चिम बंगाल में अपने लिए एक ऐसी अनोखी गाड़ी बनवाई है, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह जाते हैं. इस गाड़ी की सबसे खास बात यह है कि इसमें कई अलग-अलग वाहनों के पुर्जों का इस्तेमाल किया गया है. गाड़ी में ट्रैक्टर का इंजन, कार का गियर और बाइक का एक्सीलेटर लगाया गया है. पूरी गाड़ी को देसी जुगाड़ और अपनी जरूरत के हिसाब से तैयार किया गया है. यही वजह है कि सड़क पर चलते हुए यह गाड़ी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बन जाती है.
सुखचरण ने Local18 को जानकारी देते हुए बताया कि वह इस गाड़ी से रोजाना करीब 25 से 30 किलोमीटर तक सफर करते हैं. जहां भी कोई मेला लगता है या ऐसी जगह मिलती है, जहां लोगों की अच्छी भीड़ जुटती है, वहां वह अपना पूरा सेटअप लगा लेते हैं. इसके बाद परिवार के साथ मिलकर लोगों को तरह-तरह के करतब और खेल दिखाते हैं. लोग भी उनके इस अनोखे अंदाज को देखने के लिए रुकते हैं और उनके हुनर की सराहना करते हैं.
उन्होंने बताया कि इस काम से रोजाना करीब 2,000 से 2,500 रुपये तक की कमाई हो जाती है. हालांकि, यह कमाई जगह और लोगों की भीड़ पर निर्भर करती है. उनके लिए यह गाड़ी सिर्फ सफर का साधन नहीं, बल्कि परिवार की रोजी-रोटी का जरिया भी है. सबसे खास बात यह है कि वह अपने पूरे परिवार के साथ इसी गाड़ी में रहते और सफर करते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गाड़ी के अंदर ही उन्होंने खाने-पीने से लेकर सोने तक की पूरी व्यवस्था कर रखी है. इसमें राशन, टेंट, गद्दा, कंबल और रोजमर्रा की जरूरत का लगभग हर सामान मौजूद रहता है. यानी जहां शाम होती है, वहीं उनका अस्थायी घर भी तैयार हो जाता है. सुखचरण ने बताया कि वह करीब छह महीने में एक बार अपने घर छत्तीसगढ़ जाते हैं. बाकी समय परिवार के साथ इसी गाड़ी में रहकर अलग-अलग जगहों पर घूमते हैं और अपना काम करते हैं.
सुखचरण की यह कहानी बताती है कि कमाई के लिए हमेशा बड़े निवेश या शानदार सुविधाओं की जरूरत नहीं होती. अगर इंसान के पास हुनर, मेहनत करने का जज्बा और कुछ अलग करने की सोच हो, तो वह अपने लिए रास्ता खुद बना सकता है. उनकी यह अनोखी जुगाड़ वाली गाड़ी सिर्फ लोगों का मनोरंजन ही नहीं कर रही, बल्कि मेहनत और आत्मनिर्भरता की एक दिलचस्प मिसाल भी पेश कर रही है.