भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

कश्मीर से कन्याकुमारी तक घर बैठे मिलेगा देवघर बाबाधाम का प्रसाद, डाक...


देवघर. सावन का महीना शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है. जैसे-जैसे सावन नजदीक आता है, वैसे-वैसे बाबा बैद्यनाथ धाम में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगती है. देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं और बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालु यहां का प्रसिद्ध पेड़ा और प्रसाद अपने साथ लेकर जाते हैं, जिसे बाबा का आशीर्वाद माना जाता है. लेकिन हर साल लाखों ऐसे भक्त भी होते हैं, जो आर्थिक, पारिवारिक, स्वास्थ्य या अन्य कारणों की वजह से देवघर नहीं आ पाते.

ऐसे श्रद्धालुओं के मन में हमेशा यह कसक बनी रहती है कि काश वे भी बाबाधाम पहुंचकर बाबा का दर्शन और यहां का प्रसाद प्राप्त कर पाते. अब ऐसे भक्तों को निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि देवघर डाक विभाग ने उनके लिए एक ऐसी सुविधा शुरू की है, जिसके माध्यम से बाबाधाम का प्रसाद सीधे उनके घर तक पहुंचाया जा रहा है.

क्या कहते हैं पोस्टमास्टर
देवघर हेड पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर रवि जी ने लोकल 18 से बातचीत करते हुए बताया कि डाक विभाग की ओर से ‘प्रसादम योजना’ चलाई जा रही है. इस योजना का उद्देश्य उन श्रद्धालुओं तक बाबा बैद्यनाथ धाम का प्रसाद पहुंचाना है, जो किसी कारणवश देवघर नहीं आ पाते हैं. उन्होंने बताया कि सावन के दौरान लाखों श्रद्धालु बाबा मंदिर पहुंचते हैं और पूजा के बाद प्रसाद लेकर अपने घर लौटते हैं, लेकिन देश के कई हिस्सों में ऐसे भी भक्त हैं, जो वर्षों से बाबाधाम आने की इच्छा रखते हैं, फिर भी यहां तक नहीं पहुंच पाते.

ऐसे श्रद्धालुओं के लिए यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है. अब कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कोई भी भक्त घर बैठे बाबा का प्रसाद मंगवा सकता है और बाबा के आशीर्वाद का लाभ प्राप्त कर सकता है.

तीन से चार दिन में मिल जाएगा ऑर्डर
पोस्टमास्टर रवि जी ने बताया कि इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए श्रद्धालुओं को पोस्टमास्टर, देवघर के नाम मनी ऑर्डर करना होगा. जैसे ही मनी ऑर्डर मिलता है, वैसे ही डाक विभाग की ओर से प्रसाद तैयार कर श्रद्धालु के दिए गए पते पर भेज दिया जाता है. पूरे देश में डाक विभाग के मजबूत नेटवर्क की वजह से यह प्रसाद सुरक्षित और समय पर भक्तों तक पहुंचाया जाता है. आमतौर पर ऑर्डर मिलने के तीन से चार दिनों के भीतर प्रसाद संबंधित पते पर पहुंच जाता है. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग इस योजना का लाभ उठाते हैं.

प्रसाद के पैकेट में रहती हैं 9 तरह की चीजें
इस प्रसाद पैकेट की सबसे खास बात यह है कि इसमें केवल पेड़ा ही नहीं भेजा जाता, बल्कि बाबा मंदिर से जुड़ी कई धार्मिक और पूजन सामग्री भी शामिल रहती है. प्रसाद के पैकेट में कुल 9 प्रकार की वस्तुएं दी जाती हैं, जिनमें चूड़ा, इलायची दाना, बद्दी, माला, सिंदूर, गठबंधन, प्रसिद्ध बाबाधाम का पेड़ा, बाबा बैद्यनाथ धाम की तस्वीर और अन्य पूजन सामग्री शामिल रहती है. जब यह पैकेट श्रद्धालुओं के घर पहुंचता है, तो उन्हें ऐसा महसूस होता है मानो वे स्वयं देवघर जाकर बाबा का प्रसाद लेकर आए हों. यही कारण है कि इस योजना को भक्तों का भरपूर प्यार और समर्थन मिल रहा है.

दो तरह के होंगे प्रसाद
डाक विभाग की ओर से प्रसाद के दो विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं. पहला प्रसाद पैकेट 251 रुपये का है, जबकि दूसरा 501 रुपये का है. श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सुविधा के अनुसार किसी भी पैकेट का चयन कर सकते हैं. सावन के पवित्र महीने में जब लाखों लोग बाबा की भक्ति में डूबे रहते हैं, तब यह योजना उन लोगों के लिए विशेष महत्व रखती है, जो देवघर नहीं पहुंच सकते. ऐसे में अगर आप भी इस बार बाबाधाम नहीं आ पा रहे हैं, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है.

अब बाबा बैद्यनाथ का प्रसाद और आशीर्वाद आपके दरवाजे तक पहुंचाने की जिम्मेदारी खुद डाक विभाग ने उठा ली है. यानी दूरी चाहे कितनी भी हो, अब आस्था और श्रद्धा के बीच कोई बाधा नहीं आएगी. बाबा का प्रसाद आपके घर पहुंचेगा और उसके साथ पहुंचेगा बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद भी.

ये है पता और फोन नंबर
डाकपाल (द पोस्टमास्टर), प्रधान डाकघर, देवघर, झारखंड – 814112 पर इलेक्ट्रॉनिक मनी ऑर्डर (e-MO) भेजकर श्रद्धालु प्रसाद मंगवा सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए 06432-222307 पर संपर्क किया जा सकता है. जिस दिन मनी ऑर्डर पहुंचता है, उसी दिन प्रसाद भेज दिया जाता है, जिससे तीन से चार दिन में यह पहुंच जाता है. अपना पूरा नाम, पता, पिन कोड साफ तौर पर लिखें और फोन नंबर भी जरूर डालें.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top