Last Updated:
Muzaffarpur Shahi Litchi Price: अपनी मिठास के लिए मशहूर मुजफ्फरपुर की शाही लीची इस बार रिकॉर्ड तोड़ कीमतों पर बिक रही है. प्रतिकूल मौसम और जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पादन में 75% तक की भारी गिरावट आई है. जिसके चलते बाजार में इसकी कीमत 1200 रुपये प्रति सैकड़ा तक पहुंच गई है. यह कीमत अब सूखे मेवों (काजू) से भी अधिक हो गई है. फसल की भारी कमी के बावजूद, इसकी वैश्विक मांग में कोई कमी नहीं आई है. देश-विदेश के ग्राहक इसकी बेजोड़ गुणवत्ता और सीमित उपलब्धता के चलते ऊंची कीमत चुकाकर भी इसे खरीदने के लिए तैयार हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार प्रतिकूल मौसम ने न केवल पैदावार को प्रभावित किया, बल्कि लीची के बागान मालिकों के लिए भी आर्थिक चुनौतियां बढ़ा दी हैं.
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर कि सुप्रसिद्ध शाही लीची जो अपने मिठास के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी जानी जाती हैं. ऐसे में इस बार शाही लीची एक नया रिकॉर्ड बना रही है. सीजन के अंतिम दौर में शाही लीची की कीमत बाजार में ₹1200 प्रति सैकड़ा तक पहुंच गई है. शाही लीची अभी एक किलोग्राम काजू की कीमत से भी महंगी बिकने लगी हैं. इसके बावजूद बाजार में शाही लीची की मांग लगातार बनी हुई है. ग्राहक इसे खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं.
उत्पादन 75 प्रतिशत कम
जानकारी के अनुसार इस वर्ष मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण शाही लीची के उत्पादन में भारी गिरावट दर्ज की गई. स्थानीय किसानों के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शाही लीची का उत्पादन करीब 75 प्रतिशत तक कम हुआ है. उत्पादन में आई कमी का सीधा असर बाजार पर देखने को मिला और पूरे सीजन के दौरान लीची की कीमतें सामान्य वर्षों की तुलना में काफी अधिक रहीं.
पिछले साल से 12 गुना अधिक महंगी
सीजन की शुरुआत में शाही लीची बाजार में ₹300 से ₹400 प्रति सैकड़ा के भाव से बिक रही थी. लेकिन जैसे-जैसे सीजन आगे बढ़ा और बाजार में शाही लीची कम होती गई. जिसके कारण लीची की कीमत लगातार बढ़ती चली गई. अब स्थिति यह है कि सीजन समाप्त होने के कगार पर पहुंच चुकी शाही लीची ₹1200 प्रति सैकड़ा तक बिक रही है. पिछले साल यही शाही लीची 100 से 120 रुपए प्रति सैकड़ा बिकी थी. इसके अनुसार इस बार यह कह सकते है कि इस बार शाही लीची 12 गुना अधिक महंगी बिक रही हैं.
दुकानदार से साथ ग्राहक भी हैरान
फल विक्रेता खुशबू कुमारी बताती हैं कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार शाही लीची को इतनी ऊंची कीमत पर बिकते देखा है. उन्होंने कहा कि न तो हमने पहले कभी इतनी महंगी शाही लीची खरीदी थी और न ही बेची थी. इस बार बाजार में ₹1200 प्रति सैकड़ा तक शाही लीची बिक रही है. इसके बावजूद ग्राहक लगातार खरीदारी कर रहे हैं और मांग बनी हुई है.
उन्होंने बताया कि बाजार में लीची की उपलब्धता काफी कम हो गई है, जबकि ग्राहकों की मांग अभी भी बनी हुई है. ऐसे में कई बार ग्राहकों की पूरी मांग को पूरा करना संभव नहीं हो पा रहा है. सीजन खत्म होने से पहले लोग शाही लीची का स्वाद लेने के लिए खरीदारी कर रहे हैं. व्यापारियों का कहना है कि इस सप्ताह के अंत तक शाही लीची का सीजन लगभग समाप्त हो जाएगा और बाजार से इसकी विदाई हो जाएगी. ऐसे में अंतिम दिनों में इसकी कीमत और मांग दोनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें