![]()
रांची स्थित जयपाल सिंह स्टेडियम में जेपीएससी व जेएसएससी के अभ्यर्थियों के द्वारा किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु व हिंदूवादी नेता भैरव सिंह ने आंदोलनरत लगभग पांच सौ छात्र-छात्राओं के बीच भोजन का वितरण किया। वहीं भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि झारखंड का युवा आज अपने भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्यायपूर्ण व्यवस्था की मांग को लेकर संघर्षरत है। राज्य सरकार को छात्रों की आवाज को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों पर शीघ्र व सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है जिसे निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई से ही पुनः स्थापित किया जा सकता है। वहीं भैरव सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ खड़ा होना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि सरकार आंदोलनरत अभ्यर्थियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेगी। वहीं दोनों ने कहा कि जबतक झारखंड के युवाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष व समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं होती तबतक उनके लोकतांत्रिक संघर्ष के प्रति नैतिक समर्थन जारी रहेगा। उन्होंने सभी युवाओं से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। भोजन वितरण के दौरान छात्रों ने सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। मौके पर विक्रम साहू, अमन कुमार, रंधीर दास, शुभम कुमार, सोम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Source link