![]()
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग द्वारा रांची के धुर्वा स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित राज्य स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम में कस्तूरबा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका) लोहरदगा को सम्मानित किया गया। \ विद्यालय को सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 (कक्षा 10वीं) में शत-प्रतिशत उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम हासिल करने और शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विभागीय अधिकारियों द्वारा विद्यालय प्रबंधन को अवार्ड ऑफ एप्रिसिएशन देकर सम्मानित किया गया। बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा देना, सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की रणनीति और विद्यालय संचालन को सुदृढ़ करना है। वहीं इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और छात्राओं में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय छात्राओं की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया है। मौके पर विभागीय सचिव उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, सीबीएसई रांची के क्षेत्रीय पदाधिकारी रामवीर सहित राज्यभर के उत्कृष्ट विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, वार्डेन व स्कूल मैनेजर उपस्थित थे।
Source link