रांची18 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नौ करोड़ रुपए से अधिक के बकाये की वसूली के लिए बुधवार को रांची नगर निगम की संपत्ति कुर्क कर ली गई। कमर्शियल कोर्ट के आदेश पर सिविल कोर्ट की नजारत टीम ने पहले बैंक ऑफ इंडिया की विकास भवन शाखा पहुंच कर निगम का बैंक खाता फ्रीज कराया। इसके बाद निगम कार्यालय पहुंच कर तीसरी मंजिल तक विभिन्न कमरों में रखे सामान की सूची तैयार की और अपराह्न 4:05 बजे तक कुर्की की कार्रवाई पूरी कर ली।
हैरानी की बात यह रही कि कुर्की की कार्रवाई पूरी होने के करीब 20 मिनट बाद, अपराह्न 4:25 बजे कमर्शियल कोर्ट की ओर से जारी स्थगन आदेश नजारत टीम को प्राप्त हुआ। पीठासीन पदाधिकारी अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत ने रिट ऑफ अटैचमेंट के आगे के निष्पादन पर 26 नवंबर तक रोक लगाने का आदेश दिया है। हालांकि, तब तक कुर्की की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी थी। कार्रवाई के दौरान नाजिर जीशान इकबाल, नायब नाजिर सत्यदेव कुमार, सहायक धर्मेंद्र सिंह और सतीश कुमार सिंह समेत अन्य कर्मी मौजूद थे। एटूजेड कंपनी के दिल्ली से आए प्रतिनिधि भी कार्रवाई के दौरान उपस्थित थे।
2011 के समझौते के बाद विवाद रांची नगर निगम और मेसर्स एटूजेड वेस्ट मैनेजमेंट (रांची) लिमिटेड के बीच वर्ष 2011 में शहर में कचरा प्रबंधन को लेकर समझौता हुआ था। काम के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद नगर निगम ने 27 दिसंबर 2013 को कंपनी का अनुबंध रद्द कर दिया था। मामला निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, लेकिन नगर निगम को राहत नहीं मिली। 9.08 करोड़ की वसूली का दावा कंपनी ने आर्बिट्रल अवॉर्ड के तहत बकाया राशि की वसूली के लिए कमर्शियल कोर्ट में एग्जीक्यूशन केस संख्या 09/2025 दायर किया है। इसी मामले में नगर निगम की संपत्ति कुर्क करने के लिए रिट ऑफ अटैचमेंट जारी किया गया था। कंपनी ने ब्याज और अन्य देयताओं को जोड़कर निगम से कुल 9 करोड़ 8 लाख 6 हजार 737 रुपए की वसूली का दावा किया है। इसी राशि की वसूली के लिए बुधवार को नजारत टीम ने कुर्की की कार्रवाई की।
