![]()
आरोपियों से पूछताछ के बाद एसीबी का खुलासा
.
मोरहाबादी स्थित रिम्स की 60 डिसमिल अधिग्रहित जमीन के अतिक्रमण और अवैध खरीद-बिक्री मामले में गिरफ्तार सात आरोपियों की रिमांड बुधवार को खत्म हो गई। पूछताछ में जमीन के 79 साल पुराने मालिकाना हक से लेकर पार्षद के हस्ताक्षर वाली वंशावली और बहुमंजिली इमारत के टूटने से हुई करोड़ों की ठगी जैसे मामले सामने आए।
एसीबी को पता चला कि खतियानी रैयत सहोदरी देवी के भतीजे गजाधर बड़ाइक ने वर्ष 1947 में ही (सेल डीड नं. 4875) यह जमीन अब्दुल गफ्फूर खान को बेच दी थी। इसके बाद 1962 में बनारसी दास अरोड़ा ने इसे खरीदा। वर्ष 1968-69 में सरकार ने बनारसी दास को मुआवजा देकर 60 डिसमिल जमीन रिम्स के लिए अधिग्रहित की। बाद में वर्ष 1993 में एसएआर कोर्ट के संशोधन आदेश के तहत 33 डिसमिल जमीन झिरामणि देवी और अनंत शर्मा को लौटा दी गई। एसीबी ने पूछा कि जब 1947 में ही रैयत परिवार का हक खत्म हो चुका था तो 72 साल बाद 2019 और 2023 में उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कैसे हुई। सिंडिकेट ने किस तरह सरकारी जमीन को निजी प्लॉट बताकर टुकड़ों में बेच दिया। आरोपी इसका जवाब नहीं दे सके।
रजिस्ट्री के समय सेल डीड पर ही लिख दिया गया था-झूठा सरकारी सर्टिफिकेट एसीबी की जांच में पता चला कि 27 अगस्त 2019 को जब मुख्य आरोपी राजेश झा की पत्नी मुन्नी कुमारी के नाम 11 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री (डीड नं. 6077) हुई, तो संबंधित अधिकारियों ने जिला भू-अर्जन कार्यालय से सत्यापन करने का दावा करते हुए सेल डीड पर ही यह सर्टिफिकेट दर्ज कर दिया कि यह जमीन सरकार द्वारा अधिग्रहित नहीं है। इस मामले में एसीबी अब तक जमीन कारोबारी राजेश कुमार झा, चैतन कुमार, मनोज कुमार बड़ाइक, मुन्नी कुमारी, सुमित्रा कुमारी बड़ाइक, शुभम साबू समेत कई निजी व्यक्तियों और सात सरकारी पदाधिकारियों/कर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। 2015 में ऑनलाइन रजिस्टर-2 बनते ही सिंडिकेट सक्रिय एसीबी की जांच में यह भी आया है कि वर्ष 2015 में जब रजिस्टर-2 को ऑनलाइन किया जा रहा था, तब अंचल कर्मियों की मिलीभगत से उस सरकारी टिप्पणी को गायब कर सोनमैत का नाम ऑनलाइन चढ़ा दिया गया। इसके तुरंत बाद जमीन माफिया सोनू कुमार सरन, प्रमोद कुमार महतो, राजेश कुमार झा, मनोज कुमार बड़ाइक और चैतन कुमार उर्फ चैतन कांशी सोनमैत के पास पहुंचे और कहा कि तुम्हारे नाम से 90 डिसमिल जमीन ऑनलाइन दिख रही है, तुम्हें बस रजिस्ट्री ऑफिस आकर अंगूठा लगाना है।
एक ही महिला को कागजों में पहले आदिवासी दिखाया और फिर गैर-आदिवासी बना दिया वर्ष 1989-90 में जब सोनमैत देवी ने एसएआर कोर्ट में केस दायर किया था, तब उन्होंने खुद को चिक बड़ाइक (अनुसूचित जनजाति) बताकर सीएनटी एक्ट के तहत जमीन वापसी का दावा किया था। चूंकि आदिवासी जमीन सामान्य वर्ग के लोग नहीं खरीद सकते थे, इसलिए 2019 और 2023 में जमीन बेचने के लिए सिंडिकेट ने नई वंशावली बनाई और उसमें उसी सोनमैत देवी को गैर-आदिवासी दिखा दिया, ताकि राजेश झा जैसे लोग बिना सीएनटी की बाध्यता के इसे खरीद सकें।