![]()
संत शिरोमणि रविदास जयंती समरसता संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय, रांची से कुड़ू मंडल के लिए आवंटित संत रविदास के पवित्र कलश का रथ कुड़ू प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में पहुंचा। पवित्र कलश रथ यात्रा का नेतृत्व भाजपा कुड़ू मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी ने किया। कलश रथ के विभिन्न पंचायतों में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान पवित्र कलश पर पुष्प वर्षा की गई तथा विधि-विधान के साथ आरती कर संत शिरोमणि रविदास जी का स्मरण किया गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक कलश का दर्शन कर संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कृष्णा मोदी ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। पवित्र कलश रथ के माध्यम से उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मौके पर भाजपा जिला मंत्री संजय चौधरी ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समानता और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समरस समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। वहीं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राजू कुमार रजक ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना के विरुद्ध मजबूती से आवाज उठाई। बताया कि कुड़ू मंडल के विभिन्न पंचायतों एवं गांवों में पवित्र कलश का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जा रहा है।
Source link