![]()
धनबाद-गया रेलखंड के कोडरमा स्टेशन पर शनिवार को आरपीएफ की तत्परता से एक व्यक्ति की जान बच गई। ट्रेन से उतरते समय संतुलन बिगड़ने के कारण वह ट्रेन के नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के खेसकरी गांव निवासी 50 वर्षीय मुस्ताक खान के रूप में हुई है। कोडरमा आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को आरपीएफ कोडरमा के जवान ट्रेन पासिंग ड्यूटी में तैनात थे। इसी दौरान गाड़ी संख्या 12382 डाउन कोडरमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर आई। अपने नियत ठहराव के बाद खुलने पर यह ट्रेन एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग) के कारण रुक गई। ड्यूटी पर तैनात बल सदस्य सहायक उप निरीक्षक ओम प्रकाश सिंह, आनंद कुमार सिंह, अशोक कुमार गुप्ता, महिला आरक्षी नीतू कुमारी और धनबाद से ड्रोन सिखाने आए आरक्षी राजेश पासवान ने त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने देखा कि मुस्ताक खान, जो अपनी बेटी और दामाद को ट्रेन में चढ़ाने आए थे, चलती गाड़ी से उतरने के क्रम में ट्रेन के नीचे चले गए थे। इस हादसे में उनका दाहिना पैर बुरी तरह जख्मी हो गया। ट्रेन में कार्यरत ट्रेन मैनेजर ने गाड़ी को एसीपी कर रोका। मौके पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने यात्रियों के सहयोग से घायल व्यक्ति को ट्रेन के नीचे से निकाला और प्लेटफॉर्म पर लाए। तत्काल इलाज के लिए एंबुलेंस हेतु ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर कोडरमा को सूचना दी गई।
Source link