भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

क्या है फार्मर रजिस्ट्री और क्यों है ये किसानों के लिए जरूरी,...


गाजियाबाद: किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने के लिए चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान में गाजियाबाद ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. जिले ने तय लक्ष्य से ज्यादा किसानों की फार्मर रजिस्ट्री कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव लगाए गए शिविरों और किसानों के सहयोग से गाजियाबाद 101.02 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में नंबर-1 बना है.

फार्मर रजिस्ट्री क्या है

फार्मर रजिस्ट्री दरअसल किसानों की एक डिजिटल पहचान है. इसके तहत किसान की जमीन, फसल, परिवार और अन्य जरूरी जानकारियों का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया जाता है. यह रिकॉर्ड सरकार के पास सुरक्षित रहता है और भविष्य में किसानों को मिलने वाली विभिन्न योजनाओं, अनुदान और सुविधाओं को इसी डिजिटल डेटा से जोड़ा जाएगा. इससे सही किसान तक सही समय पर लाभ पहुंचाना आसान होगा और फर्जीवाड़े या गड़बड़ी की संभावना भी कम होगी.

गाजियाबाद में इस अभियान को मिशन मोड में चलाया गया. कृषि विभाग, राजस्व विभाग और ग्राम पंचायतों ने मिलकर गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाया. किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के फायदे बताए गए और जिन लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया में परेशानी हो रही थी, उनकी मौके पर ही सहायता की गई. कई गांवों में ग्राम प्रधान, लेखपाल और कृषि कर्मियों ने घर-घर जाकर किसानों को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया. इसी का परिणाम रहा कि जिले ने निर्धारित लक्ष्य को पार कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया.

फार्मर रजिस्ट्री में गाजियाबाद है नंबर वन

उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से जिले को 61,090 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का लक्ष्य दिया गया था. इसके मुकाबले 61,712 किसानों का पंजीकरण पूरा किया गया, जो लक्ष्य का 101.02 प्रतिशत है. इस उपलब्धि के साथ गाजियाबाद प्रदेश में पहले स्थान पर रहा, वहीं रामपुर दूसरे, अमरोहा तीसरे, महोबा चौथे और मुरादाबाद पांचवें स्थान पर रहे.

कृषि विभाग का मानना है कि आने वाले समय में किसान सम्मान निधि, कृषि अनुदान, बीज वितरण, फसल बीमा और अन्य कई सरकारी योजनाओं को फार्मर रजिस्ट्री से जोड़ा जा सकता है. ऐसे में जिन किसानों की रजिस्ट्री नहीं होगी, उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ सकती है.

फार्मर रजिस्ट्री कैसे करवाएं

फार्मर रजिस्ट्री करवाने के लिए किसान अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा कई सेवाएं ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं. कृषि विभाग किसानों से अपील कर रहा है कि यदि अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, तो जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भविष्य में मिलने वाली सरकारी सुविधाओं और योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त किया जा सके.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top