![]()
मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत खरौंधी प्रखंड के सभी 52 मतदान केंद्रों पर शनिवार एवं रविवार 8 एवं 9 अगस्त को विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ-साथ मतदाता सूची में आवश्यक सुधार एवं अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के मतदाताओं से अपील की है कि 1 अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र भारतीय नागरिक फॉर्म-6 एवं घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं।इसी निर्देश के आलोक में शनिवार को खरौंधी प्रखंड के सभी 52 मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाया गया। शिविर में बीएलओ द्वारा मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले पात्र लोगों से प्रपत्र-6 भरवाया गया तथा मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। नए मतदाताओं के साथ वैसे लोगों को भी निर्वाचन संबंधी सेवाओं का लाभ दिया गया, जिन्हें मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा अन्य आवश्यक कार्य कराना है।प्रखंड विकास पदाधिकारी गौतम कुमार लकड़ा ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को विशेष शिविर के दौरान अपने-अपने मतदान केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर कार्य करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए सभी संबंधित कर्मी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।प्रशासन ने क्षेत्र के युवाओं एवं अन्य पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष शिविर का लाभ उठाते हुए निर्धारित प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
Source link