भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

खूब बढ़ रहा है गुलाब का पौधा, पर नहीं आ रहे फूल?...


Last Updated:

Rose Flower Not Flowering: कोडरमा में नर्सरी संचालक प्रतिमा देवी ने गुलाब के पौधों की देखभाल को लेकर अहम जानकारियां दी हैं. उन्होंने बताया कि कई बार गुलाब के पौधे में जंगली शाखाएं निकल आती हैं, जिनमें फूल नहीं खिलते. पौधा खूब बढ़े लेकिन फूल न निकलें तो यह वजह हो सकती है. साथ ही इसका समाधान भी जानिए.

ख़बरें फटाफट

कोडरमा. घर के आंगन या बालकनी में गुलाब का पौधा लगाना कई लोगों को पसंद होता है. गुलाब की खुशबू और खूबसूरत फूल हर किसी का मन मोह लेते हैं. कई बार लोग किसी दूसरे के घर में खिले खूबसूरत गुलाब को देखकर उसके पौधे की डाली काटकर अपने घर ले आते हैं और उसे गमले या आंगन में लगा देते हैं. शुरुआत में पौधा अच्छी तरह बढ़ता है और उसकी पत्तियां भी हरी-भरी दिखाई देती हैं, लेकिन लंबे समय तक देखभाल करने के बावजूद उसमें एक भी फूल नहीं खिलता. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है तो इसकी एक वजह पौधे में जंगली शाखा का विकसित होना हो सकती है.

फूल देने वाले पौधे में भी निकल जाती हैं जंगली शाखाएं
झुमरी तिलैया शहर के रांची-पटना रोड में सत्यम नर्सरी का संचालन करने वाली प्रतिमा देवी ने विशेष बातचीत में गुलाब के पौधों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं. करीब आठ वर्षों से नर्सरी का संचालन कर रहीं प्रतिमा देवी ने बताया कि गुलाब के पौधे की सही पहचान करना बेहद जरूरी है. कई बार फूल देने वाले गुलाब के पौधे में भी जंगली शाखाएं निकल आती हैं. ये शाखाएं तेजी से बढ़ती हैं और देखने में काफी हरी-भरी रहती हैं, लेकिन इनमें फूल नहीं आते. ऐसे में लोग पौधे की देखभाल और खाद-पानी पर तो ध्यान देते हैं, लेकिन फूल नहीं खिलने की असली वजह समझ नहीं पाते.

पत्तियों की संख्या और आकार से करें जंगली गुलाब की पहचान
प्रतिमा देवी ने बताया कि जंगली गुलाब और असली गुलाब के पौधे के बीच अंतर को पहचानने का सबसे आसान तरीका उसकी पत्तियों को देखना है. जंगली गुलाब की शाखा में आमतौर पर एक साथ पांच से अधिक पत्तियां दिखाई देती हैं. इनकी पत्तियां आकार में छोटी और अपेक्षाकृत चमकदार होती हैं. इसके अलावा जंगली शाखाओं का विकास काफी तेजी से होता है. कुछ ही समय में ये शाखाएं पौधे के दूसरे हिस्सों की तुलना में अधिक लंबी हो जाती हैं और घनी दिखाई देने लगती हैं.

वहीं असली गुलाब के पौधे की सामान्य शाखाओं में प्रायः एक डंठल पर पांच पत्तियां होती हैं. इनका आकार जंगली शाखाओं की तुलना में बड़ा होता है और रंग गहरा हरा दिखाई देता है. असली गुलाब के पौधे का विकास सामान्य गति से होता है. ऐसे में पत्तियों के आकार, रंग और संख्या पर ध्यान देकर दोनों के बीच अंतर समझा जा सकता है.

पौधे में निकलने वाली जंगली शाखाओं पर दें ध्यान
उन्होंने बताया कि कई बार गुलाब का पौधा फूल भी देता है, लेकिन उसके नीचे के हिस्से या जड़ों के आसपास से जंगली शाखाएं निकलने लगती हैं. ये शाखाएं तेजी से बढ़कर मुख्य पौधे के पोषक तत्वों का इस्तेमाल करने लगती हैं. इससे फूल देने वाली शाखाओं के विकास पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए समय-समय पर पौधे का निरीक्षण करना जरूरी है. जंगली शाखा की पहचान होने पर उसे उसके निकलने वाले स्थान के पास से सावधानीपूर्वक हटा देना चाहिए. केवल ऊपर से उसकी कटाई करने के बजाय उसके निकलने के स्थान पर ध्यान देना जरूरी है.

वर्मी कंपोस्ट और सरसों की खली से बढ़ेगा पौधे का विकास
प्रतिमा देवी ने बताया कि गुलाब के पौधे को स्वस्थ रखने और बेहतर विकास के लिए सही पोषण देना जरूरी है. इसके लिए वर्मी कंपोस्ट, सरसों की खली और एनपीके खाद का इस्तेमाल किया जाता है. इनसे पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं. उन्होंने बताया कि गुलाब के पौधे की जड़ों के आसपास की मिट्टी को समय-समय पर भुरभुरा बनाए रखना भी जरूरी है. इसके लिए हर 10 से 15 दिनों पर हल्की निराई-गुड़ाई करनी चाहिए. इससे मिट्टी में हवा का संचार बेहतर होता है और पौधे की जड़ों के विकास में मदद मिलती है.

जरूरत से ज्यादा पानी देना भी नुकसानदायक
गुलाब के पौधे की देखभाल में पानी की मात्रा का विशेष ध्यान रखना चाहिए. प्रतिमा देवी के अनुसार पौधे को इतना ही पानी देना चाहिए, जिससे मिट्टी में जरूरी नमी बनी रहे. जरूरत से ज्यादा पानी देने से गमले की मिट्टी में जलजमाव हो सकता है. इससे पौधे की जड़ें सड़ने लगती हैं और धीरे-धीरे पौधा कमजोर होने लगता है. इसलिए गमले में पानी निकासी की उचित व्यवस्था होनी चाहिए. खासकर बारिश के मौसम में पौधे के आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top