![]()
भास्कर न्यूज |खेतको पेटरवार के खेतको-दांतू पीडब्ल्यूडी सड़क पर मंगलवार को तेज रफ्तार एस-क्रॉस कार (जेएच 09एएम- 5284) और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि कार में लगे एयरबैग खुलने से चालक की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन विपरीत दिशा से आ रहे थे। नोवागढ़ा के पास पीडब्ल्यूडी सड़क पर अचानक दोनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पेटरवार थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस फरार चालक की पहचान चांदो बरकेंदुवा निवासी के रूप में कर रही है। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर (एस्कॉर्ट्स) का मालिक जेएमएम के बेरमो प्रखंड अध्यक्ष नवाज खान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां इससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। करीब तीन वर्ष पूर्व इसी जगह हाइवा और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई थी। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Source link