![]()
गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित महेशमुंडा चौक पर एक 407 मालवाहक वाहन ने आगे चल रही ऑल्टो कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं टक्कर की तीव्रता से बिजली का खंभा भी टूटकर झुक गया। घटना के समय सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 407 वाहन काफी तेज गति में था। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दुर्घटना हुई। अस्पताल से लौट रही प्रसूता बाल-बाल बची हादसे के वक्त ऑल्टो कार में एक प्रसूता महिला को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसके परिजन घर लेकर जा रहे थे। कार में महिला के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। दुर्घटना की भयावहता को देखते हुए लोगों को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका थी, लेकिन सौभाग्य से इस हादसे में सभी सवार सुरक्षित बच गए। किसी को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कुछ लोगों को हल्की चोटें लगने की सूचना मिली है। घटना के बाद परिजनों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन सभी के सुरक्षित होने से राहत की सांस ली गई। चालक और खलासी को भीड़ ने पीटा दुर्घटना के बाद 407 वाहन का चालक और खलासी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से बचाकर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। हादसे के कारण महेशमुंडा चौक पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर लिया।
Source link