![]()
गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सितलपुर शमशान घाट रोड स्थित एक बंद घर में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर नगदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान सहित करीब दो लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। यह घटना ट्रेजरी विभाग के सेवानिवृत्त कर्मी रामेश्वर महतो के घर में हुई। बताया जा रहा है कि रामेश्वर महतो 20 जून की शाम अपने पैतृक गांव गए हुए थे, जिससे घर पूरी तरह सूना था। चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया और घर को निशाना बनाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए और इसके बाद मुख्य दरवाजा तोड़कर पूरे घर में आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नगदी समेत पत्नी के इलाज के पैसे भी ले गए चोर पीड़ित रामेश्वर मेहतो ने बताया कि चोरों ने घर के सभी कमरों को खंगाल डाला। अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए गए और अंदर रखे सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया गया। चोर करीब 50 हजार रुपए नगद भी अपने साथ ले गए। यह रुपए पत्नी के इलाज के लिए रखे गए थे। इसके अलावा सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिए गए। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर करीब दो लाख रुपए की संपत्ति की चोरी हुई है। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों ने काफी समय तक घर में रहकर वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर खुला मामला, पुलिस ने शुरू की जांच रविवार को जब रामेश्वर मेहतो अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजा टूटा हुआ देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों के ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। संभावित सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Source link