भास्कर न्यूज | सरायकेला राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत बालक मध्य विद्यालय, सरायकेला में गुरुवार को मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच शिविर, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 185 विद्यार्थियों की मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह एवं जिला दंत पदाधिकारी डॉ. कामिनी लता के निर्देशन में आयोजित शिविर में डॉ. कामिनी लता ने विद्यार्थियों को दांतों की नियमित सफाई, सही तरीके से ब्रश करने और संतुलित आहार अपनाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “गुटखा खाने में भले ही कुछ पल का आनंद मिलता हो, लेकिन हर थूक के साथ शरीर में जहर जाता है। इसकी लत धीरे-धीरे मुंह के कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियों का कारण बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों से तंबाकू, गुटखा, खैनी, पान मसाला, बीड़ी और सिगरेट जैसे नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। शिविर में मानसिक रोगों के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार के महत्व की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों को तंबाकू मुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। शिविर में दंत स्वास्थ्य विज्ञानी राजू कुमार पासवान, परामर्शी अशोक कुमार यादव, राधिका कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। सरायकेला| ग्राम विकास उच्च विद्यालय, टेंटोपोसी-नारायणपुर परिसर में गुरुवार को झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की ओर से मध्य विद्यालय नारायणपुर के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। इस दौरान कुल 30 विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान की गईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सरकार की साइकिल वितरण योजना का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाना है। समारोह में नारायणपुर पंचायत के मुखिया रोहिदास हो, किसान मोर्चा अध्यक्ष जयंत कुमार महतो, एमडी जमशेद, ग्राम विकास उच्च विद्यालय प्रबंध समिति के सचिव मनोहर महतो, उपाध्यक्ष जयचंद महतो, अंकेक्षक आदित्य प्रताप महतो, समिति सदस्य चितरंजन महतो तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय प्रताप महतो समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बंदगांव। प्रखंड के राजकीय बुनियादी विद्यालय कराईकेला में गुरुवार को समग्र शिक्षा अभियान के तहत सीडब्ल्यूएसएन (विशेष आवश्यकता वाले) बच्चों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सात दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना था। उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना भी लक्ष्य था। इस अवसर पर बीपीओ काली चरण गुप्ता ने कहा कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत विशेष आवश्यकता वाले प्रत्येक बच्चे तक आवश्यक शैक्षणिक एवं सहायक संसाधन पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान नवीन पांडेय, सुमन तिर्की, बीपीओ काली चरण गुप्ता, सीआरपी लोकनाथ सारंगी सहित जिला स्तर से पहुंचे अधिकारियों ने विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से संवाद किया। मौके पर प्रधानाध्यापिका अंजलि रक्षित, ललिता महतो, रीना मंडल, अल्पना प्रामाणिक सहित अभिभावक और बच्चे मौजूद थे।
Source link