![]()
झारखंड के चतरा जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी परियोजना में कन्वेयर बेल्ट टूटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। हादसा निर्माण कार्य के दौरान हुआ। यह घटना एनटीपीसी के सीएचपी जेएच-1 लोकेशन पर हुई, जहां कन्वेयर बेल्ट का निर्माण चल रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्ट्रक्चरल डिजाइन में खराबी के कारण बेल्ट टूट गया। वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई
इस अचानक हुई दुर्घटना से मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मजदूर का शव कन्वेयर बेल्ट से लटका हुआ दिखाई दिया, जबकि अन्य मजदूर नीचे मलबे में दबे हुए थे। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी से इस कन्वेयर बेल्ट निर्माण का मुख्य अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) ‘थापसन’ कंपनी को मिला था, जिसे आगे पेटी ठेकेदार ‘सिम्पलेक्स’ कंपनी के माध्यम से कराया जा रहा था। घायल चार मजदूरों का इलाज जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में घायल हुए चारों मजदूरों को तुरंत इलाज के लिए टंडवा स्थित एनटीपीसी के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष मैथानी ने हादसे में तीन मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही टंडवा थाना प्रभारी विपिन कुमार को पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। फिलहाल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और रेस्क्यू टीमें मौके पर डटी हुई हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और इस बड़ी लापरवाही को लेकर स्थानीय स्तर पर भी रोष देखा जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Source link