![]()
चतरा जिले के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आरा (मोकतमा) में एक पारा शिक्षक पर अमानवीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, पारा शिक्षक बिनोद कुमार सिंह ने स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों से जबरन मजदूरी करवाई। आरोप है कि उन्होंने छात्रों से झाड़ू लगवाया और खुद कुर्सी पर बैठकर अपने हाथ-पैर की मालिश भी करवाई। पीड़ित छात्र मोहित के पिता बालेश्वर गंझू ने बताया कि जब उनके बेटे ने इस तरह के काम करने से मना किया, तो शिक्षक ने उसे बेरहमी से पीटा। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बच्चे के कान से खून निकलने लगा। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखें… जातिसूचक गाली देने का आरोप पीड़ित छात्र के पिता के अनुसार, शिक्षक ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि जातिसूचक गालियां भी दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक ने अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बच्चे का मनोबल तोड़ने की कोशिश की। इस घटना से छात्र और उसके परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने इसे गुरु-शिष्य संबंधों के खिलाफ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग उठ रही है। शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज मामले के सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। चतरा के उपायुक्त रवि आनंद के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक बिनोद कुमार सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Source link