भास्कर न्यूज| नोवामुंडी बड़ाजामदा ओपी पुलिस और डांगुवापोसी आरपीएफ ने संयुक्त रूप में शनिवार को चातोंबा साई के निकट रेलवे पटरी पर पड़े शव को बरामद किया है। शव दो हिस्से में कटा हुआ था। शरीर का भाग अप लाइन के दोनों पटरी के बीच और सिर पटरी के बाहर पड़ा हुआ था। शव की पहचान मयूरभंज जिले की घाघरबेड़ा थाना क्षेत्र के नखसरा गांव के रहने वाले अशोक कुमार गिरी उम्र करीब 38 वर्ष के रूप में की गई है। बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन मास्टर के लिखित शिकायत पर मामले को लेकर बड़ाजामदा ओपी में यूडी केस दर्ज किया गया है। स्टेशन मास्टर ने ओपी में दिए आवेदन में बताया है कि बोकना गांव के चातोंबा साई के निकट रेलवे पटरी पर एक शव को देखा था। मालगाड़ी के ड्राइवर की सूचना के आधार पर स्टेशन मास्टर ने ओपी में लिखित आवेदन देकर अग्रेतर कार्रवाई का निवेदन किया था। बड़ाजामदा पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से घटनास्थल पहुंचकर देखा तो हकीकत सामने आई। पुलिस ने शाम होने के कारण शव को लेकर नोवामुंडी टाटा स्टील अस्पताल के शीत गृह में रखवा दिया था। रविवार को सुबह शव को चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों के अनुसार उनके बेटे की दिमागी हालत पिछले कुछ दिनों से ठीक नहीं होने की लिखित सूचना दी है।
Source link