रांची-गुमला मुख्य मार्ग एनएच-43 पर अपराधियों का हौसला लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। बीते रात करीब आठ बजे भरनो थाना से महज कुछ दूरी पर हाथी पुल के समीप हथियारबंद चार अपराधियों ने एक युवक को देशी कट्टा के बल पर रोककर उसकी बाइक लूट ली और रांची की ओर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार मठतुरिअम्बा, टोंकाटोली निवासी 29 वर्षीय सुकरा उरांव अपने गांव के दो अन्य दोस्तों के साथ सिसई में आयोजित फुटबॉल मैच देखकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हाथी पुल के समीप दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर आए चार अपराधियों ने उसे रोक लिया। बताया जाता है कि अपराधियों ने पहले सुकरा उरांव से बेड़ो जाने का रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। युवक के रुकते ही अपराधियों ने हथियार निकाल लिया और देशी कट्टा का भय दिखाकर उसकी आरएस बाइक संख्या JH01FA-6060 अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद सभी अपराधी बाइक लेकर रांची की दिशा में फरार हो गए। बाइक लूटे जाने के बाद पीड़ित सुकरा उरांव तत्काल भरनो थाना पहुंचा और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ बाइक लूट का मामला दर्ज कराया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई। अपराधियों की पहचान और उनके भागने की दिशा का पता लगाने के लिए तकनीकी सहायता ली जा रही है।पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी माध्यमों से भी अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।जल्द ही लूट में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link