भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

चालान का विरोध, शास्त्री मार्केट में व्यापारियों ने चक्का जाम किया




धनतेरस के मौके पर राजधानी रांची के व्यस्ततम मेन रोड स्थित शास्त्री मार्केट के पास पुलिस और व्यापारियों के बीच टकराव के कारण करीब एक घंटे तक भीषण सड़क जाम लग गया। दुकानों के सामने ग्राहकों की बाइक खड़ी करने पर चालान काटे जाने से नाराज व्यवसायियों ने दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से खरीदारी करने निकले लोग और राहगीर हलकान रहे। लगभग एक घंटे तक मेन रोड पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। व्यापारियों का आरोप था कि सुबह से ही शास्त्री मार्केट के सामने 8 से 10 पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया था। जो भी ग्राहक खरीदारी के लिए दुकान के आगे बाइक खड़ी कर रहा था, पुलिसकर्मी तुरंत उसका चालान काट रहे थे या वाहन लगाने से रोक रहे थे। दुकानदारों का कहना था कि दीपावली और धनतेरस जैसे बड़े त्योहारी सीजन में इस तरह की सख्त कार्रवाई से ग्राहक लौट रहे हैं और उनकी ‘बोहनी’ तक होना मुश्किल हो गया है। सड़क पर प्रदर्शन शुरू होते ही मेन रोड के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। दोपहिया वाहन चालक, ऑटो और पैदल राहगीर करीब एक घंटे तक चिलचिलाती धूप और जाम में फंसे रहे। स्थिति बिगड़ती देख कई वाहन चालकों को संकरी गलियों व वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। आश्वासन के बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हो सका।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top