Last Updated:
Fake Job: चित्रकूट जिले में स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन वायरल हो रहा है. इसको लेकर सीएमओ ने अपना बयान भी जारी किया है. उनका कहना है की इस तरीके का कोई भी विज्ञापन विभाग की ओर से जारी नहीं की गई है. उनका कहना है कि यह पूरी तरह से फर्जी मामला है.
चित्रकूट: नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं से ठगी करने के लिए शातिरों ने स्वास्थ्य विभाग का फर्जी विज्ञापन ही सोशल मीडिया पर डाल दिया है. शातिर लोगों से पैसे लेकर स्वास्थ्य विभाग में नौकरी देने के नाम पर ठगी कर रहे है. इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा गया है कि इस तरीके का कोई भी विज्ञापन विभाग की ओर से नहीं डाला गया है. विभाग की ओर से इस मामलें में पुलिस से शिकायत की गई है.
बताया गया कि कुछ महीने पहले ही स्वास्थ्य विभाग में भर्ती के नाम पर फर्जी वाले का मामला सामने आया था, लेकिन एक बार फिर से जिला स्वास्थ्य विभाग में फर्जी भर्ती का विज्ञापन शातिरों ने जारी कर दिया है. यह विज्ञापन सोशल मीडिया पर काफी तेजी में वायरल हो रहा है. वहीं, विभाग का मानना है कि यह पूरी तरह से फर्जी विज्ञापन है. इसमें स्वास्थ्य विभाग में कोई भी वैकेंसी नहीं निकली है. इस वैकेंसी के जरिए लोगों से ठगी की जा रही है.
फर्जी है पूरी वैकेंसी
इस मामले को लेकर चित्रकूट सीएमओ महेंद्र कुमार त्रिपाठी ने लोकल 18 को बताया कि कार्यालय से कोई भी वैकेंसी नहीं निकाली गई है. जो विज्ञापन सोशल मीडिया पर चल रहा है. वह पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक है. उनका कहना है कि किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त करनी हो तो लोग सीएमओ ऑफिस आ सकते हैं. उनका कहना है कि इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग में भर्ती के नाम पर लोगों से पैसे ले लिए गए थे, जो पूरी तरह से फर्जी था. उनके द्वारा वायरल पत्र के आधार पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की गई है.
95 पदों पर जारी किया नोटिफिकेशन
पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगो को जागरूक किया जा रहा है. ताकि लोग किसी भी तरीके से ठगी के शिकार न हो सकें. बताते चले की शातिरों ने अपने विज्ञापन में 95 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. सीएमओ ने वीडियों जारी कहा है की उन्होंने साइबर टीम को भी जानकारी दी है. जिस प्लेटफार्म से यह विज्ञापन जारी हुआ है. उसकी जांच की जा रही है.