![]()
भास्कर न्यूज | बोकारो केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और बढ़ती महंगाई के खिलाफ झामुमो ने गुरुवार को बोकारो जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला समिति और महानगर समिति के संयुक्त बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी ने कहा कि भाजपा सरकार आम लोगों की परेशानियों से पूरी तरह कट चुकी है। लगातार बढ़ रही महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। छोटे गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से सबसे ज्यादा असर ठेला-खोमचा चलाने वालों, छोटे दुकानदारों और मेहनतकश परिवारों पर पड़ा है। महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही केंद्र सरकार ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर अपनी असली मंशा जाहिर कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और सामाजिक आयोजनों पर पड़ेगा, जिससे बाजार में महंगाई और बढ़ेगी। धरना में वक्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम लोगों का घर चलाना मुश्किल हो गया है। मौके पर बीके चौधरी, अखिलेश महतो, अशोक मुर्मू, मनोहर मुर्मू, विजय रजवार, मोहन मुर्मू, फिरदौस अंसारी, फैयाज आलम, हसन अंसारी आदि थे।
Source link