Last Updated:
Jamshedpur Face Painting Master: ओडिशा के बलांगीर के रहने वाले शुभ्रम धुर्वा अपनी बेहतरीन फेस पेंटिंग कला के लिए जाने जाते हैं. महज 5 मिनट में चेहरे पर खूबसूरत डिजाइन बनाने वाले शुभ्रम बिना किसी शुल्क के लोगों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरते है.
जमशेदपुर. कहते हैं कि अगर किसी इंसान के अंदर हुनर और कुछ अलग करने का जुनून हो, तो वह अपनी एक अलग पहचान जरूर बना लेता है. इसकी मिसाल हैं ओडिशा के बलांगीर जिले से आने वाले शुभ्रम धुर्वा. इन्हें लोग फेस पेंटिंग मास्टर के नाम से भी जानते हैं. बचपन से ही इन्हें पेंटिंग का ऐसा शौक था कि घर हो या बाहर, जहां भी कोई खाली जगह दिखाई देती, ये अपने रंगों से उसे कैनवास बना देते थे. महज 4 साल की उम्र से शुरू हुआ यह शौक आज उनकी पहचान बन चुका है.
बचपन से पसंद है चित्रकारी
शुभ्रम धुर्वा बताते हैं कि बचपन से ही उन्हें चित्रकारी करना बेहद पसंद था. धीरे-धीरे उन्होंने मूर्तियां बनाने की कला भी सीखी और आज वह बड़ी-बड़ी मूर्तियों को अपने हाथों से आकार देते हैं. हालांकि, इन दिनों उनकी सबसे ज्यादा चर्चा फेस पेंटिंग को लेकर हो रही है. पूरे गांव में वह इकलौते ऐसे कलाकार हैं, जो लोगों के चेहरों को अपनी कल्पनाओं और रंगों से एक खूबसूरत कलाकृति में बदल देते हैं.
फेस पेंटिंग में महारत
उन्होंने बताया कि एक बार उन्होंने किसी को फेस पेंटिंग करते हुए देखा था. बस, वहीं से उनके मन में भी यह कला सीखने और कुछ नया करने का विचार आया. इसके बाद उन्होंने खुद फेस पेंटिंग करना शुरू कर दिया. खास बात यह है कि वह इस हुनर को सिर्फ कमाई का जरिया नहीं मानते, बल्कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने का एक तरीका समझते हैं. गांव में जब भी कोई शादी, पार्टी या अन्य आयोजन होता है, तो वह अपने साथ पेस्टल कलर लेकर पहुंच जाते हैं और बिना किसी पैसे की मांग किए लोगों के चेहरों पर अलग-अलग डिजाइन बनाते हैं.
5 मिनट का समय लगता है बस
उनकी फेस पेंटिंग की खासियत है उनकी बारीकी और कमाल की फिनिशिंग. फूलों से लेकर आकर्षक पैटर्न तक, वह अपनी कल्पना के अनुसार चेहरे पर ऐसे डिजाइन बनाते हैं कि देखने वाले भी कुछ देर के लिए ठहर जाते हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि उन्हें एक फेस पेंटिंग पूरी करने में महज 5 मिनट का समय लगता है और वह सिंगल स्ट्रोक में बेहद खूबसूरत डिजाइन तैयार कर देते हैं.
वहीं, फेस पेंटिंग करवाने पहुंचीं शुभांगी मिश्रा बताती हैं कि उन्होंने शुभ्रम के काम को काफी देर तक देखा. उनका पेंटिंग करने का अंदाज बाकी कलाकारों से बिल्कुल अलग है. डिजाइन में इतनी खूबसूरती और फिनिशिंग देखकर उन्होंने भी अपने चेहरे पर पेंटिंग करवाने का फैसला किया. शुभांगी कहती हैं कि महज कुछ मिनटों में उन्होंने इतनी शानदार पेंटिंग बना दी कि उन्हें देखकर काफी अच्छा लगा.
असली खुशी तब मिलती है
आज शुभ्रम धुर्वा के लिए पेंटिंग सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि अपनी पहचान बनाने का माध्यम बन चुकी है. जहां कई लोग अपनी कला को सिर्फ पेशे तक सीमित रखते हैं, वहीं शुभ्रम अपने हुनर से लोगों के खास पलों को और भी यादगार बना रहे हैं. उनका मानना है कि कला की असली खुशी तब मिलती है, जब आपके बनाए रंग किसी दूसरे के चेहरे पर मुस्कान ले आएं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…