![]()
सिटी रिपोर्टर| बोकारो आम नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित हम आपको सुनते हैं… लोक संवाद कार्यक्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कुल 43 मामलों पर सुनवाई की गई। उपायुक्त ने प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस में चंदनकियारी प्रखंड के सियालजोरी गांव की पुष्पा देवी ने बिरसा सिंचाई कूप योजना में कथित वित्तीय अनियमितता की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत उनकी जमीन पर सिंचाई कूप का निर्माण कराया गया है। आरोप लगाया कि कूप निर्माण में सरकारी राशि का उपयोग नहीं हुआ, बल्कि उन्होंने कृष्णा आजीविका सखी मंडल, डुमराफुला एवं महिला ग्राम संगठन, सियालजोरी से उधार लेकर और घर की जमा पूंजी लगाकर निर्माण कराया। पुष्पा देवी के अनुसार, कूप की खुदाई महज 24 फीट हुई है, जबकि कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर कर 35 फीट खुदाई की राशि निकाल ली गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि योजना में जिन मजदूरों के नाम पर भुगतान दिखाया गया, उनमें से किसी ने उनके कूप में काम नहीं किया और न ही उन्हें मजदूरी मिली। मजदूरों की देखरेख के लिए बनाए गए मेट का भुगतान भी लंबित है। मिस्त्री और मजदूरों का पैसा भी बकाया है। उन्होंने मुखिया संतोष रवानी, वार्ड सदस्य के पति हाराधन महतो और रोजगार सेवक की कथित मिलीभगत से फर्जी निकासी का आरोप लगाते हुए बिंदुवार जांच और कार्रवाई की मांग की। शिकायत सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को मामले की जांच का निर्देश दिया। लोक संवाद में लोगों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सौंपे। डीसी ने सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एडीएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार, पीओ माणिक प्रजापति आदि थे।
Source link