भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

जब गुलाब लेकर सोनिया के कमरे में पहुंचीं इंदिरा, आत्मकथा में सास-बहू...


नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुचर्चित आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में राजीव गांधी के बाद संभवतः सबसे अधिक जिक्र अगर किसी शख्सियत का है, तो वह उनकी सास श्रीमती इंदिरा गांधी हैं. किताब में इंदिरा गांधी के साथ उनके खट्टे-मीठे और आत्मीय संबंधों का गहन भावनात्मक संवेदनशीलता के साथ उल्लेख किया गया है. महत्वपूर्ण बात यह भी है कि सोनिया ने जहां अपने प्रति इंदिरा के अगाध स्नेह को खुलकर व्यक्त किया है, तो वहीं उनके गैर जरूरी गुस्सैल मिजाज और उसकी वजह से शुरुआती दौर में पैदा हुई असहजता को छिपाने का भी प्रयास नहीं किया है.

सोनिया के मुताबिक, शुरू में उन्हें अपनी सास को न केवल समझने में वक्त लगा, बल्कि उन्हें ‘मम्मी’ कहने और मानने में भी हिचक रही. वे लिखती हैं, ‘मेरे लिए मां तो एक ही थीं और मैं किसी दूसरी महिला को उस नाम से नहीं पुकार सकती थी, यहां तक कि अपने प्रिय शख्स (राजीव गांधी) की मां को भी नहीं.’

इंदिरा-सोनिया के बीच शुरुआती खामोशी और असहज स्थिति को भी सोनिया ने अभिव्यक्त किया है. जब शादी के तुरंत बाद राजीव गांधी पायलट की ट्रेनिंग के लिए बाहर चले गए, तब के एक प्रसंग के बारे में वे बताती हैं :

“जब मेरी सास किसी दूसरे काम में व्यस्त नहीं होतीं, तब हम दोनों डाइनिंग रूम में साथ में खाना खातीं. वे भोजन करते समय कोई पत्रिका या अखबार पढ़ती रहतीं, जबकि मैं किसी अजनबी की तरह चुपचाप अपना खाना खाती रहती. मेरे मन में कई सवाल उठते. आखिर मैंने तय किया कि मुझे खुद ही इस बात का पता लगाना चाहिए. हिम्मत जुटाकर मैंने उनसे पूछ लिया, ‘क्या मेरी किसी बात से आप नाराज हैं?’

उन्होंने कुछ हैरानी से पूछा, ‘नहीं, क्यों?’

मैंने झिझकते हुए उन्हें मेरे सवाल पूछने की वजह बताई. इस पर उन्होंने कुछ झुंझलाहट भरे लहजे में कहा, ‘तुम हर समय चुप रहती हो. खुद भी कुछ बोलो, तो शायद बात बने!’

इसके बाद मैंने अपनी झिझक दूर करने और उनसे बातचीत करने की गंभीरता से कोशिश शुरू कर दी. फिर भोजन के समय उनका अखबार या पत्रिका पढ़ना भी बंद हो गया.”

जब ‘नवरोज’ पर सुबह सोनिया को जगाकर दिया खास तोहफा…

शादी के शुरुआती दिनों में ‘नवरोज’ के अवसर पर एक सुबह इंदिरा गांधी खुद सोनिया के कमरे में पहुंचीं. उनके हाथ में चावल से सजी एक थाली थी. उसमें छोटा-सा आईना, दही, मिठाई, मिश्री, सेंधा नमक, रोटी, बादाम, पेन, सोने का सिक्का, लाल धागा, कुमकुम, पंचांग की छोटी प्रति और ताजा गुलाब रखा था.

इंदिरा ने सोनिया से सबसे पहले आईने में अपना चेहरा देखने को कहा. फिर थाली में रखी एक-एक चीज को देखने के लिए कहा. उन्होंने गुलाब से सोनिया की बंद आंखों को हल्के से छुआ, उन्हें मिश्री, बादाम और मिठाई खिलाई. फिर माथे पर तिलक लगाया और गाल पर चूम लिया. इसके बाद उन्हें एक सुंदर साड़ी और गहने दिए.

सोनिया के लिए यह बिल्कुल नया अनुभव था. इंदिरा ने उन्हें केवल त्योहार की परंपरा से परिचित नहीं कराया, बल्कि उनके साथ खुद इस रस्म को निभाकर उन्हें परिवार का हिस्सा होने का अहसास भी करवाया.

सोनिया को घर के फैसलों में शामिल करने लगीं इंदिरा…

शुरुआत में सोनिया अपने ससुराल के तौर-तरीकों और व्यवस्था को समझने की कोशिश कर रही थीं. एक दिन उन्होंने इंदिरा से उनके उस कमरे की सजावट बदलने का सुझाव दिया, जहां वे वरिष्ठ सहयोगियों के साथ बैठकें करती थीं. कमरे के सोफे पुराने थे और दीवारों पर भी कुछ खास सजावट नहीं थी.

इस पर इंदिरा ने पहले कहा, ‘मैं सोचती हूं. जब थोड़ा समय मिलेगा, तब देखूंगी.’ सोनिया के मुताबिक, उनका लहजा मुझे कुछ नाराजगी भरा लगा. मुझे लगा कि शायद उन्हें मेरा सुझाव पसंद नहीं आया. क्या मैं अपनी हद से आगे बढ़ रही थी? या फिर उनके पास सोचने के लिए इससे ज्यादा जरूरी बातें थीं? मैंने उस विषय को वहीं छोड़ दिया.

लेकिन कुछ दिन बाद इंदिरा खुद उनके पास आईं और बोलीं, ‘चलो सोनिया, अब मैं फ्री हूं. देखते हैं क्या किया जा सकता है.’ इसके बाद दोनों ने साथ बैठकर बदलावों पर चर्चा की. फिर उन्होंने सोनिया के साथ मिलकर सोफे के कपड़े भी चुने. कमरे को चीनी मिट्टी की चिड़ियों को सजाया गया और बाद में वह ‘बर्ड रूम’ कहलाने लगा.

यह प्रसंग दिखाता है कि कैसे इंदिरा ने धीरे-धीरे सोनिया को घर की व्यवस्था और फैसलों में भागीदार बनाया. बाद के वर्षों में इंदिरा गांधी घर से जुड़े सभी मामलों में सोनिया पर निर्भर होती गईं. इंदिरा की करीबी सहयोगी रहीं उषा भगत, पुपुल जयकर और मोहसिना किदवई के मुताबिक सोनिया उनकी साड़ियों का चुनाव करने और विदेश यात्राओं पर मुलाकात करने वाले गणमान्य मेहमानों के लिए उपहार चुनने में भी मदद करतीं. प्रधानमंत्री आवास पर निजी मेहमानों की खातिरदारी का दायित्व भी उन्हीं के पास था.

भूटान में डिनर टेबल पर इंदिरा ने की थी सोनिया की ऐसे मदद…

एक और रोचक किस्सा भूटान का है, जो सोनिया के प्रति इंदिरा के एक अलग तरह के स्नेह को दिखाता है. जब इंदिरा गांधी भूटान की राजकीय यात्रा पर गईं तो वे सोनिया को भी साथ ले गईं. सोनिया ने भूटान के किंग की ओर से उन्हें दिए गए डिनर का किस्सा इस तरह शेयर किया : ‘खाना चमकीले रंगों वाली, नीची और नक्काशीदार बेंच जैसी मेजों पर परोसा गया था. मुझे भूख लगी थी और यह जानकर राहत मिली कि भूटान के खाने में तेज मसालों का इस्तेमाल नहीं होता. मैं ध्यान से देख रही थी कि क्या-क्या परोसा जा रहा है. मेरी सास की थाली में भाप में पकी मछली का एक बड़ा टुकड़ा दिखाई दिया. लेकिन जैसे ही मैंने अपनी थाली में रखी चीज का पहला कौर लिया, मेरा जी मिचलाने लगा. वह मछली नहीं, बल्कि भाप में पकाया गया पोर्क फैट था. मेरी परेशानी को भांपते हुए सास ने बड़ी सफाई से किंग को अपनी बातचीत में उलझाए रखकर वह टुकड़ा मेरी थाली से उठाकर अपनी थाली में रख लिया. उनकी इस समय की गई मदद के लिए मैं कितनी आभारी थी, बता नहीं सकती. बाद में भी मैंने उन्हें कई बार तब ऐसा करते देखा, जब उनके पोते को उसके पिता थाली में रखी कोई ऐसी चीज खाने के लिए मजबूर कर रहे होते थे, जो उसे पसंद नहीं थी.’



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top