भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

जमशेदपुर के कैंसर मरीजों को नहीं लगानी होगी रांची की दौड़, शहर में...


जमशेदपुर. जमशेदपुर और आसपास के जिलों में रहने वाले कैंसर मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. अब कैंसर से जुड़ी जांच, सलाह और इलाज की जानकारी लेने के लिए हर बार रांची जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. एचसीजी अब्दुर रज्जाक अंसारी कैंसर हॉस्पिटल, रांची ने जमशेदपुर में विशेषज्ञ कैंसर ओपीडी सेवा शुरू की है, जिससे मरीज अपने शहर में ही अनुभवी कैंसर डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे.

किस दिन मिलेगा कौन सा एक्सपर्ट
यह ओपीडी साकची स्थित ऑलिव एडवांस पैथोलॉजी, शांति कॉम्प्लेक्स के प्रथम तल में संचालित होगी. यहां हर महीने के दूसरे, तीसरे और चौथे शनिवार को कैंसर विशेषज्ञ मरीजों को देखेंगे. रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. आफताब आलम अंसारी दूसरे और चौथे शनिवार को उपलब्ध रहेंगे, जबकि हेड एंड नेक कैंसर सर्जन डॉ. गणेश अग्रवाल तीसरे शनिवार को मरीजों को परामर्श देंगे.

बार-बार रांची नहीं जाना होगा
इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ उन गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को मिलेगा, जिन्हें इलाज के लिए बार-बार रांची जाना पड़ता था. कई बार मरीजों को सिर्फ डॉक्टर से सलाह लेने या रिपोर्ट दिखाने के लिए लंबी यात्रा करनी पड़ती थी. इसमें किराया, खाना-पीना और अन्य खर्च मिलाकर हजारों रुपये खर्च हो जाते थे. आर्थिक तंगी के कारण कई लोग समय पर डॉक्टर के पास नहीं पहुंच पाते थे और बीमारी बढ़ जाती थी.

अब जमशेदपुर में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा मिलने से मरीज कम खर्च में अपनी जांच रिपोर्ट दिखा सकेंगे, इलाज की जानकारी ले सकेंगे और जरूरत पड़ने पर आगे की उपचार योजना भी समझ सकेंगे. इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी. खासकर बुजुर्ग मरीजों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी.

आर्थिक रूप से भी मिलेगी राहत
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल की ओर से आयुष्मान भारत योजना की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इसके अलावा अस्पताल विभिन्न सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं तथा प्रमुख हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों से इम्पैनल्ड है, जिससे बीमा धारकों को इलाज में आर्थिक सहायता मिल सकेगी. इतना ही नहीं, जिन मरीजों के पास किसी प्रकार का स्वास्थ्य बीमा या आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनके लिए भी एचसीजी फाउंडेशन के माध्यम से विशेष आर्थिक सहायता और सब्सिडी की व्यवस्था की गई है. इससे जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को कैंसर के इलाज में काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

समय पर इलाज बहुत जरूरी
लोकल 18 को जानकारी देते हुए अस्पताल के यूनिट हेड इरशाद खान ने कहा कि उनका उद्देश्य कैंसर के बेहतर इलाज को लोगों के घर के नजदीक तक पहुंचाना है, ताकि मरीजों को अनावश्यक परेशानी न हो. वहीं, डॉ. आफताब आलम अंसारी का कहना है कि कैंसर के इलाज में समय बहुत महत्वपूर्ण होता है. अगर मरीज शुरुआती अवस्था में डॉक्टर की सलाह ले लें, तो इलाज के बेहतर परिणाम मिल सकते हैं.

सिर और गर्दन का कैंसर भारत में तेजी से बढ़ रहा है. मुंह में घाव, गले में लगातार दर्द, आवाज में बदलाव या गांठ जैसी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. समय पर जांच और इलाज से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है.

जागरूकता भी बढ़ाएगी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि जमशेदपुर में शुरू हुई यह ओपीडी सेवा केवल इलाज की सुविधा ही नहीं देगी, बल्कि लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी. इससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर विशेषज्ञ सलाह मिलेगी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने में मदद मिलेगी. यह पहल पूर्वी सिंहभूम सहित आसपास के कई जिलों के मरीजों के लिए राहत और उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top