![]()
जमशेदपुर टेल्को थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद क्वार्टर को निशाना बनाया। चोरों ने रिटायर्ड टाटा मोटर्स कर्मचारी के घर से करीब 20 लाख रुपए के गहने और 15 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। घटना रोड नंबर-1 स्थित क्वार्टर नंबर के-2/6 की है। वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। क्वार्टर में टाटा मोटर्स के सेवानिवृत्त कर्मचारी शमशेर खान अपनी पत्नी, बेटी और नतनी के साथ रहते हैं। उनकी बेटी गुलमोहर स्कूल में शिक्षिका हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को शमशेर खान का बेटा हैदराबाद से घर आया था। क्वार्टर में जगह कम होने के कारण परिवार के सभी सदस्य घर में ताला लगाकर मानगो स्थित अपने श्रीनाथ होम फ्लैट में रहने चले गए थे। रविवार रात परिवार के लोग वापस क्वार्टर पहुंचे। शमशेर खान ने मुख्य दरवाजे का ताला खोला और अंदर गए। वहां कमरे का सामान बिखरा पड़ा था। दूसरे कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी। उसमें रखा गहनों का बैग गायब था। इसके बाद परिवार के लोगों ने सामान की जांच की। जांच में पता चला कि चोर करीब 20 लाख रुपये के गहने और 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए हैं। घटना के बाद परिवार के लोग सकते में आ गए। पीछे की दीवार फांदकर परिसर में घुसे चोर शमशेर खान के अनुसार, चोर क्वार्टर के पीछे की दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी को खंगाला। वहां रखा गहनों का बैग और नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर पीछे के रास्ते से ही बाहर निकल गए। घटनास्थल पर दीवार पर हाथ और पैर के निशान मिलने की बात भी सामने आई है। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर पीछे की दीवार के सहारे क्वार्टर में दाखिल हुए थे। परिवार के सदस्य शनिवार को घर बंद कर गए थे। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, चोरी किस समय हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच चोरी की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्वार्टर का निरीक्षण किया और घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई। अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे। साथ ही चोरों के आने और फरार होने के रास्ते की भी जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मिले निशानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल चोरी गए गहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा 15 हजार रुपए नकद भी गायब हैं। बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर की गई इस चोरी से क्षेत्र के लोगों में दहशत है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
Source link