![]()
जमशेदपुर परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित घाघीडीह सेंट्रल जेल में सोमवार देर रात जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी की। रात करीब आठ बजे शुरू हुआ तलाशी अभियान 11 बजे तक चला। अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल के बंदियों में हड़कंप मच गया। करीब 200 पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने जेल के सभी वार्ड, सेल और बैरकों की तलाशी ली। इस दौरान बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खैनी के अलावा गुटखा भी मिला। टीम ने सभी प्रतिबंधित सामान जब्त कर लिया। हालांकि, तलाशी में मोबाइल फोन या कोई अन्य आपत्तिजनक अथवा संदेहास्पद सामग्री नहीं मिली। अभियान में उपायुक्त राजीव रंजन, एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एसडीएम, डीएसपी, विभिन्न थानों के प्रभारी, मजिस्ट्रेट और पुलिस जवान शामिल थे। कुख्यात अपराधियों के वार्डों पर विशेष नजर छापेमारी के दौरान जेल में बंद शहर के कुख्यात अपराधियों और संवेदनशील वार्डों पर विशेष निगरानी रखी गयी। टीम ने बंदियों के आवासीय कक्षों, बैरकों, रसोईघर, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थानों की भी जांच की। बंदियों के निजी सामान और उपयोग की वस्तुओं की तलाशी ली गयी। इसके अलावा जेल परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, प्रवेश और निकास द्वार तथा मुलाकातियों की जांच प्रक्रिया का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने निगरानी तंत्र और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। संबंधित जेल पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और प्रतिबंधित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिये गये। घाघीडीह जेल में कोल्हान के जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के कई बड़े अपराधी और नक्सली बंद हैं। जेल के भीतर से आपराधिक नेटवर्क संचालित होने की शिकायतें भी समय-समय पर सामने आती रही हैं। जेल के भीतर से अपराध संचालन की आशंका पर जांच उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि जेल में प्रतिबंधित सामान और मोबाइल फोन के इस्तेमाल की आशंका को देखते हुए समय-समय पर औचक जांच की जाती है। इसी कड़ी में सोमवार रात संयुक्त छापेमारी की गयी। इस बार तलाशी में बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खैनी जैसी सामग्री मिली है। इनके अलावा कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। वहीं, एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बताया कि शहर में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के बाद जेल के अंदर भी जांच जरूरी थी। इसका उद्देश्य यह पता लगाना था कि कहीं जेल के भीतर से आपराधिक गतिविधियां संचालित तो नहीं हो रही हैं या बाहर की घटनाओं पर नजर रखने के लिए जेल का इस्तेमाल तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। जेल से बाहर आने के बाद फिर अपराध में शामिल होने वालों पर कार्रवाई पत्रकारों के सवाल पर उपायुक्त ने कहा कि कुछ अपराधी जेल से बाहर आने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं। ऐसे मामलों में कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाती है। जिला प्रशासन और पुलिस जेल की सुरक्षा के साथ-साथ अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर हैं। अधिकारियों के अनुसार, जेल के अंदर अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखना जरूरी है, ताकि बंदियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रहे। औचक निरीक्षण इसी व्यवस्था का हिस्सा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जेल के भीतर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा और जरूरत के अनुसार छापेमारी जारी रहेगी।
Source link