![]()
लातेहार| विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झालसा, रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) लातेहार के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शेष नाथ सिंह ने किया। इस दौरान न्यायालय के सभी न्यायिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं पारा लीगल वॉलंटियर्स ने परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पीडीजे शेष नाथ सिंह ने कहा कि पर्यावरण संतुलन मानव जीवन का आधार है। बढ़ती वैश्विक तपिश और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधरोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल कर उसे पेड़ बनाना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र आवास है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने जल और बिजली की बचत, कचरे के पुनर्चक्रण, पौधरोपण तथा वाहनों के सीमित उपयोग जैसे छोटे-छोटे प्रयासों को पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में सभी न्यायिक पदाधिकारी, न्यायालयकर्मी एवं पारा लीगल वॉलंटियर्स मौजूद थे।
Source link