Last Updated:
वर्षा कूडू थाना क्षेत्र के सलगी अलौदी नवा टोली की रहने वाली थी. वह विश्राम उरांव की बेटी थी और छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की. लेकिन शरीर में सांप का जहर तेजी से फैल चुका था. आखिरकार उसकी मौत हो गई.
हॉस्टल में आधी रात मौत बनकर घुसा जहरीला सांप
लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक छात्रावास में आधी रात जहरीला सांप घुस गया. कमरे में गहरी नींद में सो रही चार छात्राओं को उसने डस लिया. कुछ ही देर में छात्रावास में चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में सभी छात्राओं को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन एक छात्रा की जान नहीं बचाई जा सकी. तीन अन्य छात्राओं का इलाज अभी भी जारी है.
छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी
यह घटना कूडू थाना क्षेत्र के सवशिया हायर सेकेंड्री आवासीय विद्यालय, रोचो महुआ टोली के छात्रावास की है. बताया जा रहा है कि देर रात छात्राएं अपने कमरे में सो रही थीं. इसी दौरान एक जहरीला सांप कमरे में घुस आया. किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. देखते ही देखते सांप ने एक-एक कर चार छात्राओं को डस लिया. कुछ देर बाद छात्राओं की तबीयत बिगड़ने लगी. उनकी चीख सुनकर छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई. विद्यालय के शिक्षक तुरंत मौके पर पहुंचे. सभी छात्राओं को बिना देर किए लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया.
सांप का जहर तेजी से फैला
इलाज के दौरान 12 वर्षीय वर्षा उरांव की मौत हो गई. वर्षा कूडू थाना क्षेत्र के सलगी अलौदी नवा टोली की रहने वाली थी. वह विश्राम उरांव की बेटी थी और छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की. लेकिन शरीर में सांप का जहर तेजी से फैल चुका था. आखिरकार उसकी मौत हो गई. वहीं, 12 वर्षीय फुलमनिया उरांव की हालत गंभीर बताई जा रही है. उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है. वहीं 11 वर्षीय अनीसा कुमारी और 14 वर्षीय मनीषा कुमारी का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं.
मृतक छात्रा के परिवार में मातम
घटना की खबर मिलते ही मृतक छात्रा के परिवार में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन पहुंच गए. पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा हो रही है. सूचना मिलने के बाद कूडू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही घटना के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
एक साथ चार छात्राओं को सांप के डसने की घटना ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि अगर छात्रावास की नियमित साफ-सफाई होती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते तो शायद इतनी बड़ी घटना टाली जा सकती थी. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच के बाद जिम्मेदारी किस पर तय होती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें