भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

जामताड़ा में कंटेनर से कुचलकर बुजुर्ग की मौत:गाय बांधकर लौट रहे थे...




जामताड़ा नारायणपुर थाना क्षेत्र में गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर सोमवार को तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा खरखोकुंडी गांव के समीप हुआ। मृतक की पहचान खरखोकुंडी गांव निवासी हेमन रजक के रूप में हुई है। मृतक के भाई छठी रजक के अनुसार, हेमन रजक सोमवार दोपहर करीब तीन बजे अपनी गाय को मैदान में बांधकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नारायणपुर की ओर से जामताड़ा की तरफ जा रहे कंटेनर संख्या NL 01 Q 2328 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेमन रजक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कंटेनर को रोक लिया और मुआवजे की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर आवागमन ठप कर दिया। तीन घंटे तक बाधित रहा आवागमन मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। हाईवे जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक गोविंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही। सूचना मिलने पर बीडीओ कमलेश कुमार दास, सीओ देवराज गुप्ता, नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन और साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद अधिकारियों ने परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि सड़क दुर्घटना और वाहन के बीमा प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि मृतक का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, इसलिए मुआवजे की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ायी जाएगी। आपदा मद और बीमा से मुआवजे का आश्वासन बीडीओ कमलेश कुमार दास ने कहा कि आपदा विभाग के प्रावधानों के तहत भी मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा दुर्घटना में शामिल वाहन के बीमा से मिलने वाले मुआवजे के लिए भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क से हटकर आवागमन सामान्य होने दिया। इधर, पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा मौके पर पकड़े गए कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में मातम पसरा है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top