परिवार और करीबी रिश्तेदारों के मुताबिक, तीनों महिलाएं एक-दूसरे को अच्छी तरह जानती थीं और 28 अगस्त की घटनाओं से एक दिन पहले वे साथ थीं. उन्होंने ओणम का समारोह मनाया और बाद में एक थिएटर में फिल्म देखने भी गईं. किसी ने शायद नहीं सोचा होगा कि कुछ ही घंटों बाद इन्हीं तीन दोस्तों की जिंदगी एक ऐसी वारदात से जुड़ जाएगी, जिसमें दो की मौत हो जाएगी और तीसरी हत्या के आरोप में गिरफ्तार हो जाएगी.
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को दोपहर के आसपास मिलपिटास इलाके में एक पार्किंग लॉट में हिट-एंड-रन की सूचना मिली. प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक नीले रंग की SUV टक्कर के बाद मौके से निकल गई. पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक महिला गंभीर रूप से घायल मिली. उसकी हालत बेहद नाजुक थी और उसे घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया. बाद में मृतका की पहचान अंजना हरि के रूप में हुई.
कुछ समय बाद पुलिस ने पास के एक पार्किंग इलाके में उसी विवरण से मिलती-जुलती नीली SUV को ढूंढ निकाला. वाहन को टक्कर के अनुरूप काफी नुकसान पहुंचा था. इसके बाद वाहन चला रही 32 वर्षीय मिलपिटास निवासी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की, लेकिन मृतका के परिवार ने गिरफ्तार महिला को अनीला बताया है.
इस घटना के बाद मामला और भी रहस्यमय हो गया, जब दूसरी महिला एन मैरी मैथ्यू सैन जोस स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत मिलीं. परिवार के लोगों का दावा है कि एन मैरी के शरीर पर चाकू से हमले के निशान थे. रिश्तेदारों के मुताबिक, अंजना की मौत की खबर मिलने के बाद एन मैरी के पति जैकब अपार्टमेंट पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी को मृत पाया.
परिवार ने दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने का संदेह जताया है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक सार्वजनिक रूप से घटनाओं के पूरे क्रम और दोनों मौतों के बीच की कड़ी को स्पष्ट नहीं किया है.
केरल में अंजना के परिवार को शुरुआत में बताया गया था कि वह एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है. बाद में परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली.
अंजना एक स्कूल टीचर थीं. वह अपने पति विजेश और छह साल की बेटी वामिका के साथ रहती थीं. विजेश पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. परिवार 2021 में अमेरिका चला गया था और अंजना आखिरी बार 2023 में केरल आई थीं.
दूसरी मृतका एन मैरी मैथ्यू भी अमेरिका में एक स्कूल में कंप्यूटर टीचर के तौर पर काम करती थीं. उनके परिवार में पति जैकब के अलावा 12 वर्षीय बेटी एंड्रीसा और पांच वर्षीय बेटी अलीसा हैं. दोनों महिलाओं की अचानक मौत ने केरल में उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
रिश्तेदारों की ओर से यह भी कहा गया है कि गिरफ्तार अनीला ने हाल में अमेरिका में अपनी नौकरी खो दी थी, जबकि एन मैरी को घटना से करीब दो सप्ताह पहले नौकरी और वर्क परमिट मिला था. कुछ परिजनों ने इन परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए हैं.
हालांकि, अमेरिकी पुलिस या जांच एजेंसियों ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि नौकरी, आर्थिक परेशानी या किसी निजी विवाद का इन घटनाओं से कोई संबंध है.
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने दोनों महिलाओं की मौत को लेकर भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों से बात की है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों की ओर से दोनों मौतों को हत्या के मामलों के रूप में पुष्टि किए जाने की जानकारी मिली है.
सुरेश गोपी ने बताया कि सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से शवों को भारत भेजने की प्रक्रिया को लेकर बातचीत की गई है. अंतिम संस्कार से जुड़े संस्थानों को आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
हालांकि, शव कब तक परिवारों को सौंपे जाएंगे और उन्हें भारत कब भेजा जा सकेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है. जांच के लिए अमेरिकी अधिकारी शवों को कुछ समय तक अपने पास रख सकते हैं.