भास्कर न्यूज|गुमला मासिक अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस कप्तान हरिश बिन जमां ने सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। बैठक में त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, आम जनता की सुरक्षा को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। कहा गया कि त्योहारों के मौसम में हाट-बाजार, बैंक, एटीएम, आभूषण की दुकानों में आम लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पुलिस ने चोरी, छिनतई जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष खाका तैयार किया है। सार्वजनिक स्थानों पर विभिन्न माध्यमों से आम जनों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सूक्ष्म निगरानी रहेगी। सीमावर्ती थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्धों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है। विधि-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की पेट्रोलिंग, गश्ती पार्टियां रात के समय हूटर बजाते हुए गश्त करेंगी। इससे अपराधियों में खौफ, आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा होगा। दीपावली के अवसर पर संभावित जुआ अड्डों पर छापेमारी करने, मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी की रोकथाम के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। मौके पर एसडीपीओ, डीएसपी, इंस्पेक्टर सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद थे। पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट, अज्ञात हत्या, बलात्कार, लापता बच्चों की बरामदगी, अपहरण जैसे गंभीर मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। समय पर केस डायरी निष्पादित करने को भी कहा गया। इसके अलावा लूट, डकैती, गृहभेदन के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपराधियों के गुटों, गैंग के खिलाफ आसूचना संकलन बढ़ाने का निर्देश दिया गया। एंटी-क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाने को भी कहा गया। आम लोगों से जुड़ी सेवाओं को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया है। लंबित वारंट, स्थायी वारंट, कुर्की-जब्ती, इश्तेहार, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन संबंधी आवेदनों का समय पर निपटारा करने को कहा गया है। सूचना के अधिकार, जन शिकायत निवारण से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया। स्पष्ट किया गया कि यदि किसी मामले का निष्पादन समय पर नहीं होता है, तो इसकी सूचना अविलंब वरीय पदाधिकारियों को दी जाए। लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की जा सकती है।
Source link