Last Updated:
झारखंड के किनूडीह गांव में पारंपरिक तरीके से सोहराय खुंटाउ पर्व मनाया गया. बीते दिन यहां के लोगों ने धूमधाम से अपने इस पारंपरिक त्योहार को मनाया. यह त्योहार दिखाता है कि लोग जानवर से लेकर प्रकृति के बारे में भी बराबर ख्याल रखते थे. इस दिन लोग पारंपरिक त्योहार में गाय-बैल की पूजा करते हैं और फिर शाम को….
जमशेदपुर: झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़े त्योहारों से होती है. इन्हीं खास त्योहारों में सोहराय पर्व का विशेष महत्व है. यह पर्व मुख्य रूप से पशुधन, प्रकृति और खेती-किसानी से जुड़ा हुआ है. सोहराय के अवसर पर पूरे झारखंड में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिल रहा है. शहरों से लेकर गांवों तक लोग अपनी पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार इस पर्व को धूमधाम से मना रहे हैं. इसी बीच जमशेदपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित किनूडीह गांव में भी सोहराय की खास रौनक देखने को मिल रही है. यहां ग्रामीण पारंपरिक तरीके से सोहराय खुंटाउ पर्व मना रहे हैं. इस दिन विशेष रूप से घरों में पाले जाने वाले गाय और बैलों की पूजा-अर्चना की जाती है. ग्रामीणों के लिए ये पशु केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं. खेती-किसानी से लेकर ग्रामीण जीवन की कई जरूरतों में इनका अहम योगदान रहता है. यही वजह है कि सोहराय के मौके पर पशुओं के प्रति आभार प्रकट करने के लिए उनकी विशेष पूजा की जाती है.
गांव की रहने वाली ग्रामीण महिला रहमत सोरेन ने बताया कि सोहराय हमारे लिए बेहद खास पर्व है. इस दिन हम अपने घरों में मौजूद गाय और बैलों की पूजा करते हैं और उनकी सेवा करते हैं. सुबह से ही घरों में इसकी तैयारियां शुरू हो जाती हैं. पशुओं को अच्छी तरह साफ किया जाता है और पारंपरिक तरीके से उनकी पूजा-अर्चना की जाती है. उन्होंने बताया कि यह दिन पूरी तरह पशुओं के सम्मान और उनकी सेवा के लिए समर्पित रहता है.
रहमत सोरेन ने बताया कि सोहराय खुंटाउ के दिन पूजा के साथ-साथ नाच-गाने की भी विशेष परंपरा है. गांव के सभी लोग एक साथ मिलकर इस त्योहार का आनंद लेते हैं. शाम होते ही गांव में पारंपरिक झारखंडी वाद्य यंत्रों की गूंज सुनाई देने लगती है. मांदर, नगाड़ा और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर महिला और पुरुष सभी मिलकर पारंपरिक नृत्य करते हैं. इस दौरान पूरा गांव उत्सव के रंग में रंग जाता है.
इस पर्व की सबसे खास बात यह है कि इसमें नई पीढ़ी भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती है. बुजुर्गों से बच्चे तक सभी अपनी संस्कृति और परंपराओं को करीब से समझते हैं. नाच-गाने के माध्यम से ग्रामीण अपनी लोक संस्कृति को जीवित रखने का प्रयास करते हैं. गांव के लोग एक-दूसरे के साथ मिलकर खुशियां बांटते हैं और सामूहिक रूप से त्योहार मनाते हैं.
सोहराय केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि झारखंड की आदिवासी संस्कृति, प्रकृति के प्रति सम्मान और मनुष्य-पशु के गहरे रिश्ते का प्रतीक है. आज के आधुनिक दौर में भी किनूडीह जैसे गांवों में इस तरह की परंपराओं को जीवित देखकर यह साफ पता चलता है कि झारखंड की सांस्कृतिक विरासत आज भी ग्रामीण जीवन में पूरी मजबूती से मौजूद है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…