![]()
राजधानी रांची के सर्कुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल 375 करोड़ रुपए में बिक गया। शुक्रवार को रांची निबंधन कार्यालय में इस सौदे की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी कर ली गई। मॉल की संचालक कंपनी ‘आदर्श हाइट प्राइवेट लिमिटेड’ के मालिक विष्णु अग्रवाल ने धनबाद की कंपनी ‘वीए डिस्क्रीट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड’ के निदेशक विवेक कुमार सिंह के नाम पर जमीन सहित पूरे मॉल की रजिस्ट्री कर दी। विवेक सिंह धनबाद के खनन और आउटसोर्स कारोबार से जुड़े व्यवसायी एलबी सिंह के बेटे हैं। इसे झारखंड के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी रियल एस्टेट डील माना जा रहा है।न्यूक्लियस मॉल को खरीदने वाली कंपनी ‘वीए डिस्क्रीट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड’ धनबाद में कोयला खनन के लिए साइट तैयार करने के कार्य से जुड़ी हुई है। इस कंपनी का रजिस्ट्रेशन महज 22 महीने पहले, 8 जनवरी 2025 को कंपनी अधिनियम के तहत झारखंड के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज में हुआ था। कंपनी का पंजीकृत पता शर्मा निवास, हाउस नंबर-41, बापू नगर, कार्मिक नगर (धनबाद) दर्ज है। इस अधिग्रहण के साथ ही कंपनी ने रियल एस्टेट सेक्टर में बड़ा कदम रखा है। यह मॉल शहर अंचल के हातमा मौजा के खाता संख्या 587 और प्लॉट संख्या 1690 पर स्थित हैं। कुल 1.59 एकड़ जमीन पर 3,20,633 वर्गफीट क्षेत्रफल में मोल फैला हुआ हैं। इसकी रजिस्ट्री से राज्य सरकार को करीब 15 करोड़ रुपए स्टांप ड्यूटी और 11.25 करोड़ कोर्ट फीस सहित कुल 26.25 करोड़ रुपए मिले हैं। मॉल बिकने की सूचना बाहर आते ही शहर में बस एक ही चर्चा थी कि आखिर मॉल बिका क्यों। लेकिन इस संबंध में न तो विष्णु अग्रवाल ने कुछ स्पष्ट किया और न ही खरीदार विवेक कुमार सिंह ने कुछ साफ किया। सर्कुलर रोड पर 1.59 एकड़ जमीन पर 3.20 लाख वर्गफीट में बना है मॉल शहर का पसंदीदा मॉल, खरीदारी से खानपान व मनोरंजन हब बना
न्यूक्लियस मॉल में करीब 10 साल पहले व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हुई थी। यहां करीब 88 दुकानें और करीब 30 कियोस्क बने हुए हैं। यहां कई प्रमुख ब्रांडेड कंपनियों के शोरूम हैं। इसलिए यह शहर का बड़ा व्यावसायिक हब भी है। मॉल में खरीदारी, खानपान और मनोरंजन से जुड़ी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसलिए जेन जी सहित सभी वर्गों के लिए यह पसंदीदा स्थल में से एक हैं। इसकी बिक्री होते ही इसका मालिकाना हक बदल गया हैं, हालांकि, विक्रेता विष्णु अग्रवाल ने दावा किया कि मॉल के अंदर की व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं होगा। पूरी व्यवस्था पहले की तरह चलेगी। जानिए…कौन हैं एलबी सिंह
धनबाद के एलबी सिंह कोयला खनन और आउटसोर्सिंग कारोबार से जुड़े बड़े व्यवसायियों में गिने जाते हैं। उनका नाम विशेष रूप से बीसीसीएल के ठेकों और कोयला कारोबार में चर्चा में रहा है। वे पहली बार तब सुर्खियों में आए, जब 23 नवंबर 2011 को आयकर विभाग ने बैंक ऑफ इंडिया की ऐना शाखा (झरिया) में उनके व परिजनों के नाम पर जमा लगभग 100 करोड़ रुपए की जब्ती की थी। बाद में इस मामले में सीबीआई की भी एंट्री हुई। सीबीआई ने एलबी सिंह की कंपनी देवप्रभा को बीसीसीएल से मिले ठेकों और भुगतान में अनियमितताओं की पड़ताल की थी। मूल रूप से यूपी के बलिया के रहने वाले एलबी सिंह समेत उनके परिजनों-करीिबयों के खिलाफ अभी ईडी की जांच चल रही है। ईडी ने पहली बार 21 नवंबर 2025 को एलबी व देवप्रभा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की थी। मार्च 2026 में उनसे कोयला खनन, परिवहन, हवाला लेनदेन और कारोबारी संबंधों के बारे में पूछताछ की गई थी। फिर जुलाई 2026 में एलबी के ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें लगभग 1.02 करोड़ रुपए की जब्ती के साथ लगभग 160 करोड़ रुपए के म्यूचुअल फंड निवेश को फ्रीज किया गया था। रजिस्ट्री हुई पर 31 मार्च के बाद हैंडओवर की संभावना
न्यूक्लियस मॉल की बिक्री तो रजिस्ट्री के साथ ही हो गई, लेकिन खरीदार कंपनी अभी मॉल को अपने कब्जे में नहीं लेगी। क्योंकि, बैंकिंग सहित अन्य प्रक्रिया का पालन करने में समय लगेगा। ऐसे में 31 मार्च 2027 के बाद ही कंपनी मॉल को हैंडओवर ले सकती है।
Source link