Last Updated:
Jharkhand Rajya Sabha Chunav: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल पूरी तरह गरमा गया है. सत्ताधारी जेएमएम ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पार्टी ने आशंका जताई है कि विधायकों को प्रभावित करने के लिए दबाव, प्रलोभन और हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिशें हो सकती हैं.
पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि चुनाव के दौरान विधायकों को प्रभावित करने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
रांची. झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. दो सीटों पर होने वाले इस चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही सक्रिय नजर आ रहे हैं. इसी बीच सत्ताधारी गठबंधन की प्रमुख पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं. दरअसल JMM ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे अपने पत्र में आशंका जताई है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से महागठबंधन के विधायकों पर दबाव बनाने, प्रलोभन देने और संभावित खरीद-फरोख्त (हॉर्स ट्रेडिंग) की कोशिश की जा सकती है.
दरअसल जेएमएम की ओर से भेजे गए पत्र में पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा है कि चुनाव के दौरान विधायकों को प्रभावित करने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, इसलिए पूरे मामले पर कड़ी निगरानी जरूरी है. JMM ने अपने पत्र में केवल चुनाव आयोग ही नहीं बल्कि आईडी (ED), सीबीआई (CBI और खुफिया विभाग समेत सभी संबंधित एजेंसियों को भी सतर्क रहने की बात कही है. पार्टी का कहना है कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की अनियमितता या दबाव की कोशिश लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी स्तर पर निगरानी जरूरी है.
संख्या बल को लेकर JMM का दावा
JMM ने अपने पत्र में यह भी दावा किया है कि राज्य में मौजूदा सत्ताधारी गठबंधन के पास 56 विधायकों का समर्थन है, जो राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत के लिए पर्याप्त है. पार्टी के अनुसार इतने मजबूत संख्या बल के बावजूद विपक्षी गठबंधन की ओर से उम्मीदवार उतारना कई सवाल खड़े करता है और आशंका को जन्म देता है कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की कोशिश हो सकती है.
NDA पर JMM का इशारा
JMM ने अप्रत्यक्ष रूप से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर भी निशाना साधा है. पार्टी का कहना है कि 24 विधायकों वाले विपक्षी गठबंधन द्वारा उम्मीदवार उतारने का फैसला राजनीतिक रूप से संदिग्ध परिस्थितियों को जन्म देता है. हालांकि विपक्षी दलों की ओर से इस आरोप पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
INDIA गठबंधन में मंथन जारी
इधर, INDIA गठबंधन के भीतर भी राज्यसभा उम्मीदवारों के चयन को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है. सभी सहयोगी दल मिलकर साझा रणनीति बनाने में जुटे हैं. पार्टी नेताओं का कहना है कि अंतिम फैसला गठबंधन की संयुक्त बैठक में ही लिया जाएगा और उम्मीदवारों के नाम पर सहमति के बाद ही औपचारिक घोषणा की जाएगी.
राजनीतिक माहौल और गरमाया
राज्यसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या वास्तव में मतदान तक माहौल शांत रहता है या फिर राजनीतिक टकराव और गहराता है.
About the Author
Utkarsh Kumar is currently working as a Chief Sub Editor with Network 18 Media & Investment Limited for the News18 Hindi website. (Bihar/Jharkhand). He is multimedia journalist with over 15 years of experience …और पढ़ें