![]()
राजधानी रांची सहित झारखंड के कई जिलों में मंगलवार की अहले सुबह कुहासा देखने को मिला। हालांकि, सुबह के बाद आसमान साफ होने और दिन में धूप निकलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, राज्य में फिलहाल किसी नए मौसमी सिस्टम के विकसित होने के आसार नहीं हैं। चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद आज से पूरे झारखंड में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। नवंबर के शेष दिनों में भी मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की उम्मीद है। पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश के बाद अब मौसम में बदलाव का असर तापमान पर दिखने लगा है। सोमवार को राजधानी रांची के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। यहां अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा। तीन दिनों में छह डिग्री तक गिरेगा न्यूनतम तापमान मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आसमान साफ होने के बाद न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। राजधानी रांची का न्यूनतम पारा भी 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने का अनुमान है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा और लोगों को कंपकंपाने वाली ठंड महसूस हो सकती है। खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वालों और रात में यात्रा करने वालों को ठंड से बचाव की जरूरत होगी। हालांकि, तापमान में गिरावट का दौर कुछ दिनों तक रहने के बाद इसमें हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना भी जतायी गयी है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। कोहरे से हवाई सेवा हो रही प्रभावित सोमवार को झारखंड के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने के कारण जनजीवन के साथ हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। कम दृश्यता के कारण रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर मुंबई, पुणे और पटना से आने वाले कई विमान निर्धारित समय से देर से पहुंचे। मुंबई से दोपहर में रांची आने वाली फ्लाइट करीब एक घंटे विलंब से पहुंची। पुणे से आने वाला विमान भी देरी से आया। वहीं, शाम में पटना से रांची पहुंचने वाली फ्लाइट करीब तीन घंटे विलंब से पहुंची। विमानों के देर से पहुंचने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। मौसम साफ होने के बाद दृश्यता में सुधार की उम्मीद है, लेकिन सुबह के समय कुहासा बने रहने की संभावना को देखते हुए विमान यात्रियों को अपनी उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेते रहने की सलाह दी जाती है। पकी धान की फसल की कटाई शुरू करें किसान मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट को देखते हुए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ रमेश कुमार और मौसम विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ बाबूराव पीपी ने किसानों को खेती-किसानी में सावधानी बरतने की सलाह दी है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जिन खेतों में धान की फसल पक चुकी है, वहां किसान कटाई शुरू कर सकते हैं। कटाई के बाद फसल को दो से तीन दिन तक खेत में सुखाने के बाद ही थ्रेसिंग करें। भंडारण से पहले अनाज को अच्छी तरह धूप में सुखाना जरूरी है। दानों में नमी की मात्रा करीब 12 प्रतिशत रखनी चाहिए। धान की कटाई के बाद बचे अवशेषों को जलाने के बजाय मिट्टी में मिला देने से उसकी उर्वरता बढ़ेगी और नमी भी बनी रहेगी। वहीं, तापमान में गिरावट को देखते हुए खड़ी फसलों में सुबह या शाम हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गयी है।
Source link