![]()
भास्कर न्यूज|लोहरदगा लोहरदगा बाईपास सड़क निर्माण का काम प्रगति पर है। अधिकारियों के लगातार निरीक्षण के दौरान इसे जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। परंतु ठहरिए। अभी इस बाईपास सड़क का लाभ उठाने के लिए एक वर्ष और, यानी 2026 तक, लंबा सफर तय करना पड़ सकता है। 2025 में यह बाईपास सड़क महज सपना बनकर रह गया। अभी भी सड़क निर्माण को लेकर समतलीकरण का कार्य जारी है। काम की धीमी गति, भूमि अधिग्रहण, मुआवजे से जुड़ी समस्याओं के कारण जनता में असंतोष है। बाईपास एनएच 143 ए के तहत हिरही से अर्रू तक लगभग 20 किमी लंबी बनाई जा रही है। इसके पूरा होने पर शहर को भारी वाहनों से काफी राहत मिलेगी। ट्रैफिक समस्या से भी निजात मिलेगी। लोहरदगावासियों की वर्षों पुरानी मांग, बाईपास सड़क, अब भी अधूरी है। यह बाईपास इसलिए भी जरूरी हो गई है कि शहर के बीच से प्रतिदिन सैकड़ों बॉक्साइट ट्रक गुजरते हैं। इससे यातायात दबाव बढ़ता है। दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ जाती है। कुल मिलाकर यह बाईपास 2026 में भी सपना ही बनकर रह सकता है। इसका लाभ अब 2027 में मिल सकेगा। निर्माण कार्य के तहत अधिग्रहण में शामिल 20 प्रतिशत रैयतों को अब तक भुगतान नहीं हो पाया है। इसे लेकर एक दिन पूर्व बैठक हुई। उपायुक्त ने जल्द भुगतान का दिशा-निर्देश दिया। अभी चल रहे 20 किमी लंबे बाईपास सड़क कार्य में 10 किलोमीटर फोर लेन सड़क बननी है। शेष 9.9 किलोमीटर चौड़ी (10 मीटर) सड़क बनाई जानी है। कुल 17 गांवों से होकर यह मार्ग गुजरेगा। इनमें लोहरदगा प्रखंड के बक्सी, बंजार, किस्को, गुडगांवा, हिरही, जोरी, कैमो, निंगनी, सेन्हा प्रखंड के अरु, बंसरी, चंदकोपा, सेन्हा गांव, तथा किस्को प्रखंड के अरेया, बगडू, बेठहट, पतरातू इस मार्ग से जुड़ेंगे। परियोजना की लागत लगभग 200 करोड़ रुपए बताई गई है। निर्माण का ठेका रांची की कंपनी वीकेएस इन्फ्रा को दिया गया है। शिलान्यास के दो साल से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण अधूरा था। इसे पुनः दो वर्ष पूर्व से शुरू किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने एजेंसी के अभियंता, ठेकेदार को निर्देश दिया है कि कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
Source link