Last Updated:
झारखंड में ट्रफ लाइन गुजरने से मौसम का मिजाज बदल गया है. जिससे रांची समेत कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर गया. इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है. हालांकि, मौसम विभाग ने आज और कल तेज आंधी-बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है.
झारखंड वेदर अपडेट
रांची: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है. राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम के इस बदले मिजाज के कारण प्रदेश के कई इलाकों में मौसम सुहाना हो गया है.
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
- मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार इस बदलाव के पीछे एक मजबूत मौसमी सिस्टम काम कर रहा है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मध्य पाकिस्तान से शुरू होकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन (द्रोणिका रेखा) गुज़र रही है, जो झारखंड के ऊपर से होकर जा रही है. इसी निम्न दबाव की ट्रफ लाइन के प्रभाव के कारण राज्य के वायुमंडल में बदलाव आया है और आंधी-बारिश की स्थिति बनी हुई है.
आज और कल के लिए चेतावनी जारी
- इस सिस्टम के सक्रिय होने से रांची और इसके आसपास के इलाकों समेत राज्य के अधिकांश जिलों में शनिवार और रविवार को भी मौसम खराब रहने की आशंका है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों (आज और कल) के लिए राज्य में तेज आंधी के साथ गरज-चमक, मूसलाधार बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात (ठनका) होने का पूर्वानुमान जारी किया है.
- पूर्वी और मध्य झारखंड में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के संकेत हैं. मौसम की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने किसानों और आम लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
रांची का तापमान और आगे का अनुमान
- शुक्रवार को राजधानी रांची का अधिकतम तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हालांकि, वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी। अगले पांच दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में एक बार फिर 4 से 5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी दोबारा पैर पसारेगी. फिलहाल, अगले कुछ दिनों तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और दोपहर में तेज धूप के साथ-साथ हल्की बारिश व गरज-चमक का दौर जारी रहेगा.
About the Author
Prashun Singh
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.