Last Updated:
केंद्र सरकार ने धनबाद के SNMMCH और जमशेदपुर के MGM मेडिकल कॉलेज में सीटों के विस्तार के लिए ₹889.50 करोड़ की मंजूरी दी है. इससे दोनों कॉलेजों में एमबीबीएस की सीटें बढ़कर 250-250 हो जाएंगी और पीजी की कुल 335 नई सीटें जुड़ेंगी. इस ऐतिहासिक फैसले से झारखंड में डॉक्टरों की कमी दूर होगी.
AI से तैयार प्रतीकात्म फोटो
रांची: झारखंड की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य के दो प्रमुख मेडिकल कॉलेजों शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (SNMMCH), धनबाद और एमजीएम (MGM), जमशेदपुर में एमबीबीएस (MBBS) और पीजी (PG) की सीटें बढ़ाने के लिए 889.50 करोड़ रुपये की भारी-भरकम योजना को मंजूरी दे दी है.
इस स्वीकृत राशि में से 526.50 करोड़ रुपये केंद्र सरकार देगी, जबकि शेष राशि का वहन झारखंड सरकार करेगी. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र और एमओयू (MoU) का प्रारूप भेज दिया है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग जल्द ही हस्ताक्षर करेगा.
कॉलेजों में इस तरह बढ़ेंगी सीटें और बदलेगा बजट:
1. SNMMCH, धनबाद:
- MBBS सीटें: वर्तमान में यहां 100 सीटें हैं, जिन्हें बढ़ाकर अब 250 किया जाएगा. इस विस्तार पर 225 करोड़ रुपये खर्च होंगे.
- PG सीटें: यहां पीजी की मौजूदा 19 सीटों में 186 नई सीटों की बढ़ोतरी होगी. इसके लिए 279 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है, जिसमें केंद्र का हिस्सा 167.40 करोड़ रुपये होगा.
2. MGM, जमशेदपुर:
- MBBS सीटें: यहां की सीटों को 150 से बढ़ाकर 250 किया जाएगा, जिस पर 150 करोड़ रुपये की लागत आएगी.
- PG सीटें: पीजी की वर्तमान 49 सीटों में 149 नई सीटें जोड़ी जाएंगी. इसके लिए 235.5 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ है, जिसमें से केंद्र सरकार 134.10 करोड़ रुपये देगी.
स्वास्थ्य व्यवस्था और छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे झारखंड में डॉक्टरों की कमी दूर होगी. सीटों में इस बढ़ोतरी का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण और पिछड़े इलाकों को मिलेगा, जहां अब आसानी से चिकित्सक उपलब्ध हो सकेंगे.
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इसे राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि इससे झारखंड के छात्रों को मेडिकल की पढ़ाई के लिए अधिक अवसर मिलेंगे. इस प्रस्ताव को अब आगे की प्रक्रिया के लिए कैबिनेट की मंजूरी हेतु भेजा जाएगा. उन्होंने यह भी संकेत दिए कि भविष्य में राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों में भी सीटें बढ़ाई जाएंगी और सुपर स्पेशियलिटी सीटों पर भी ध्यान दिया जाएगा.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.