भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

ड्राइवर की बिटिया ने ऊंची कर दी परिवार की नाक, सेल्फ स्टडी-ऑनलाइन...


Last Updated:

JAC 12th Commerce District Topper: झारखंड बोर्ड 12वीं कॉमर्स स्ट्रीम में हुसैनाबाद, पलामू की आफरीन परवीन ने जिला टॉप किया है. उनके परिवार से वे पहली हैं, जिसने ऐसी सफलता हासिल की है. तमाम अभावों के बावजूद आफरीन ने शानदार प्रदर्शन किया जो सभी छात्रों के लिए प्रेरणादायक है.

पलामू. आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं. शिक्षा, खेल, प्रशासन या व्यापार, हर क्षेत्र में अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर नया इतिहास रच रही हैं. सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद बेटियां लगातार सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रही हैं. ऐसी ही एक प्रेरणादायक कहानी हुसैनाबाद की बेटी आफरीन परवीन की है, जिसने आत्मविश्वास और सेल्फ स्टडी के बल पर इंटर वाणिज्य संकाय में जिला स्तर पर शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

कॉर्मस स्टूडेंट हैं आफरीन परवीन
पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है. प्लस टू बालिका विद्यालय हुसैनाबाद की छात्रा आफरीन परवीन ने इंटर वाणिज्य संकाय में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर पहला स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. जपला निवासी आफरीन ने 500 में 466 अंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है. उनकी सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है.

साधारण परिवार की बेटी बनी प्रेरणा
आफरीन एक साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता जहांगीर आलम पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि मां संजीदा खातून गृहिणी हैं. आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद परिवार ने बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी. आफरीन के दादा ने भावुक होकर कहा कि उनके खानदान में आज तक किसी ने इतनी बड़ी सफलता हासिल नहीं की थी. उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार की बेटी का जिले में टॉप करना पूरे परिवार के लिए गर्व की बात है.

ऑनलाइन क्लास और सेल्फ स्टडी बना सफलता का मंत्र
आफरीन ने लोकल 18 को बताया कि उन्हें अच्छे अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन जिला टॉपर बनने की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई और सेल्फ स्टडी को दिया. वह रोज ऑनलाइन क्लास करती थीं और क्लास खत्म होने के बाद सभी टॉपिक्स को खाली कागज पर लिखकर खुद से याद करती थीं. रोजाना पांच से छह घंटे तक लगातार पढ़ाई करती थीं. आफरीन ने बताया कि उन्होंने कभी ट्यूशन नहीं लिया, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और यूट्यूब की मदद से पढ़ाई की.

सोशल मीडिया से बनाई दूरी
आफरीन का कहना है कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने समय का खास ध्यान रखा. पहले पढ़ाई पूरी करती थीं, उसके बाद ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करती थीं. वह कहती हैं कि सफलता पाने के लिए लगातार मेहनत सबसे जरूरी है. अगर छात्र खुद पर भरोसा रखें और लगातार मेहनत करें, तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं होता. उनका मानना है कि ‘कंसिस्टेंसी ही सफलता की असली चाबी है.’

अकाउंट्स और फाइनेंस क्षेत्र में बनाना चाहती हैं करियर
आगे कहा कि भविष्य को लेकर आफरीन की सोच काफी साफ है. वह आगे चलकर अकाउंटेंट और फाइनेंस के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं. उनका सपना है कि पढ़-लिखकर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करें और अपने माता-पिता का नाम रोशन करें. आफरीन की सफलता अब क्षेत्र की अन्य छात्राओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top