![]()
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में एक वारंटी को पकड़ने के दौरान हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस टीम नीतिबाग कॉलोनी स्थित आरोपी अभिषेक कुमार के घर उसे गिरफ्तार करने पहुंची थी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और तेजी से छत पर चढ़ गया। वहां से उसने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो वह छत से कूद जाएगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने संयम बरतते हुए इलाके को घेर लिया। उसे सुरक्षित पकड़ने की रणनीति बनाई। इस दौरान आसपास के लोग भी घटना को देखने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में हलचल बढ़ गई। छह छतें पार कर भागा, संकरी गली में फंसा पुलिस के दबाव को देखते हुए अभिषेक छतों के रास्ते भागने लगा। वह एक के बाद एक करीब छह मकानों की छतों को पार करता हुआ आगे बढ़ता रहा, जबकि पुलिसकर्मी भी उसका पीछा करते हुए छतों पर चढ़ गए। जल्दबाजी में भागने के दौरान वह दो मकानों की दीवारों के बीच बनी संकरी जगह में फंस गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। इस पूरे घटनाक्रम में करीब ढाई घंटे का समय लगा। भागने के दौरान उसे हल्की चोटें भी आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। चेन स्नैचिंग मामले में था वांछित थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि आरोपी अभिषेक कुमार रविवार रात भुइयांडीह चौक के पास रहने वाली एक महिला से चेन स्नैचिंग की घटना में शामिल था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे उसकी पहचान हुई। जांच में यह भी सामने आया कि उसके खिलाफ मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों सहित कई केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। गिरफ्तारी अभियान में सीतारामडेरा थाना के साथ-साथ सिदगोड़ा और गोविंदपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में है।
Source link