![]()
विधायक जयराम महतो द्वारा बरबड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर किए गए अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज के मामले ने पुलिस महकमे में नाराजगी बढ़ा दी है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की पाकुड़ जिला शाखा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए विधायक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। नगर थाना परिसर स्थित शाखा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के अध्यक्ष रामाशीष सिंह ने कहा कि इस तरह का व्यवहार कर्तव्य पर तैनात पुलिस पदाधिकारी के सम्मान और मनोबल को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि थाना प्रभारी के खिलाफ विधायक को किसी तरह की शिकायत थी, तो उसे उच्चाधिकारियों के समक्ष या विधानसभा में उठाया जा सकता था। प्रदेश नेतृत्व के फैसले के साथ खड़ा रहेगा एसोसिएशन रामाशीष सिंह ने बताया कि विधायक के कथित गाली-गलौज के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश नेतृत्व ने उचित कार्रवाई के लिए पांच दिवसीय अल्टीमेटम दिया है। पाकुड़ जिला शाखा ने स्पष्ट किया कि वह प्रदेश नेतृत्व के हर निर्णय का पालन करेगी। उन्होंने कहा कि घटना से राज्यभर के पुलिस अधिकारी और जवान व्यथित हैं। एसोसिएशन किसी भी पुलिसकर्मी या अधिकारी के साथ इस तरह के दुर्व्यवहार को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करते हैं और उनके साथ सार्वजनिक तौर पर इस तरह का व्यवहार उनके मनोबल को प्रभावित करता है। अभद्र व्यवहार को बताया कानून व्यवस्था के लिए गंभीर मामला एसोसिएशन ने कहा कि पुलिस बल के किसी सदस्य के साथ दुर्व्यवहार केवल व्यक्तिगत अपमान का विषय नहीं है, बल्कि इसका असर पूरी व्यवस्था पर पड़ता है। अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को अपने कर्तव्य का निर्वहन सम्मानजनक वातावरण में करने का अधिकार है। इस घटना की पाकुड़ जिला शाखा ने कड़े शब्दों में निंदा और भर्त्सना की है। एसोसिएशन ने दोहराया कि शिकायत होने की स्थिति में संवैधानिक और संस्थागत माध्यम उपलब्ध हैं। ऐसे में थाना प्रभारी से कथित गाली-गलौज या अभद्र व्यवहार का रास्ता उचित नहीं है। पुलिस संगठन ने इस मामले में दोष के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है। समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति पुलिस एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि तय पांच दिवसीय समयसीमा में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे की रणनीति और संगठनात्मक कदमों पर विचार करेगा। एसोसिएशन ने कहा कि वह अपने सदस्यों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के सचिव सुरई तापे, संयुक्त सचिव मंगल किस्कू समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।
Source link