देवघर. आज के समय में ज्यादातर युवाओं का सपना होता है कि उन्हें बड़े शहरों में नौकरी मिले, अच्छी कमाई हो और जिंदगी बेहतर बने. लेकिन कुछ युवा ऐसे भी हैं, जो बड़े शहरों में काम करने और अनुभव हासिल करने के बाद अपने ही शहर में कुछ करने का फैसला लेते हैं. ऐसी ही कहानी देवघर के 28 वर्षीय विकास ठाकुर की है. विकास पिछले 9 सालों से नाई का काम कर रहे हैं. उन्होंने इस काम की शुरुआत किसी बड़े पार्लर से नहीं, बल्कि अपने पिता जी के साथ रहकर की थी. पिता को काम करते देखते-देखते उन्होंने बाल काटना और लोगों को बेहतर हेयर कटिंग देना सीखा. धीरे-धीरे इस काम में उनकी दिलचस्पी बढ़ती गई और उन्होंने इसे ही अपना हुनर बना लिया.
लेकिन उस समय उनके मन में एक बात थी कि अगर बड़े शहरों में जाकर काम करेंगे तो शायद ज्यादा पैसे कमा पाएंगे. इसी सोच के साथ विकास रोजगार की तलाश में मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में पहुंचे. वहां उन्होंने कई बड़े-बड़े पार्लर में काम किया. करीब पांच साल तक अलग-अलग शहरों में रहकर नाई का काम किया और अच्छा अनुभव भी हासिल किया.
इस वजह से किया घर लौटने का फैसला
विकास बताते हैं कि बड़े शहरों में काम करने पर पैसे तो ठीक मिल जाते थे, लेकिन वहां रहने और खाने-पीने का खर्च भी काफी ज्यादा था. महीने के अंत में जब हिसाब लगाते थे तो बचत बहुत कम हो पाती थी. किराया, खाना और दूसरे खर्चों में ही ज्यादातर कमाई निकल जाती थी. इसी दौरान उनके मन में एक विचार आया कि जिस काम को वह मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में कर रहे हैं, उसी काम को अपने शहर देवघर में क्यों नहीं शुरू किया जाए.
आखिरकार उन्होंने बड़े शहरों की नौकरी छोड़ने और अपने घर लौटने का फैसला कर लिया. विकास का मानना था कि हुनर तो उनके पास पहले से है, बस जरूरत थी उसे अपने शहर में इस्तेमाल करने की. यहां कम से कम रहने और खाने-पीने का खर्च बचेगा और दुकान का किराया भी बड़े शहरों के मुकाबले कम रहेगा. इसी सोच के साथ करीब तीन साल पहले उन्होंने देवघर में अपनी नाई की दुकान खोल दी.
करीब 45 हजार रुपये में खोली अपनी दुकान
विकास बताते हैं कि दुकान शुरू करने के लिए उनके पास बहुत ज्यादा पूंजी नहीं थी. उन्होंने महज 45 हजार रुपये लगाकर अपने कारोबार की शुरुआत की. शुरुआत में दुकान चलाने को लेकर मन में कई तरह की बातें थीं. यह भी चिंता थी कि ग्राहक आएंगे या नहीं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी. अपने काम और ग्राहकों को दी जाने वाली सर्विस पर ध्यान दिया. धीरे-धीरे लोगों को उनका काम पसंद आने लगा और दुकान पर ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी.
मुंबई और दिल्ली में काम करने के दौरान जो अनुभव उन्होंने हासिल किया था, उसका फायदा उन्हें अपने शहर में भी मिलने लगा. आज विकास इसी दुकान से अच्छी कमाई कर रहे हैं और अपने परिवार का खर्च भी इसी कारोबार से चला रहे हैं.
हुनर को बना लिया रोजगार का जरिया
विकास की कहानी उन युवाओं के लिए भी एक मिसाल है, जो रोजगार की तलाश में अपना घर और शहर छोड़कर दूसरे प्रदेशों में जाते हैं. विकास ने बड़े शहरों में काम करके अनुभव जरूर हासिल किया, लेकिन जब उन्हें लगा कि वहां रहकर ज्यादा बचत नहीं हो पा रही है तो उन्होंने अपने हुनर को ही रोजगार का जरिया बना लिया. खास बात यह है कि इसके लिए उन्हें किसी बड़ी डिग्री या लाखों रुपये की जरूरत नहीं पड़ी.
महज 45 हजार रुपये और अपने काम के अनुभव के दम पर उन्होंने खुद का कारोबार खड़ा किया. उनकी कहानी बताती है कि अगर किसी युवा के पास हुनर है और मेहनत करने का जज्बा है तो रोजगार के लिए हमेशा बड़े शहरों का रुख करना जरूरी नहीं है. अपने शहर में भी छोटे स्तर से काम शुरू करके अच्छी कमाई की जा सकती है.